Harare Sports Club India Record: टीम इंडिया इस समय जिम्बाब्वे के दौरे पर है. गुरुवार (23 जुलाई) से टीम इंडिया की जिम्बाब्बे संग टी20 सीरीज की शुरुआत हो रही है. बाकी मैच 25 और 26 जुलाई को होने हैं. सीरीज के तीनों ही मैच हरारे में मौजूद हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने हैं.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच के टी20 इतिहास को देखा जाए तो कुल 14 मैचों में दोनों की एक दूसरे से भिड़ंत हुई है. 11 बार भारतीय टीम जीती है, 3 बार जिम्बाब्वे को जीत मिली है.
यानी हेड टू हेड में भारत आगे है. लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 हार जिम्बाब्वे में ही मिली, तीनों बार रनचेज करते हुए ऐसा हुआ है, जो चिंताजनक है.
इससे पूर्व करीब दो साल पहले भारत ने जिम्बाब्वे का दौरा किया था. तब टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद नई नवेली टीम इंडिया को पहले मुकाबले में 13 रनों से हार मिली थी, लेकिन इसके बाद लगातार चार मैच जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली थी.
इस बार भी टीम इंडिया नए खिलाड़ियों के साथ नए एक्सपेरिमेंट करने उतरेगी. इस बार श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर भी नजर होगी, क्योंकि वो आयरलैंड और इंग्लैंड संग दोनों ही सीरीज क्रमश: 0-2, 0-4 से हार चुके हैं. वहीं नजर तो खैर वैभव सूर्यवंशी पर भी होगी.
तो क्या भारत के लिए मनहूस है हरारे?
कुल 3 ओवरऑल टी20 हार हुई हैं, उसमें से सबसे हालिया हार भारत को जिम्बाब्वे से 6 जुलाई 2024 को झेलनी पड़ी थी, तब जिम्बाब्वे की टीम ने हरारे में पहले खेलते हुए 20 ओवर्स में 115/9 का स्कोर बनाया.
रवि बिश्नोई ने 4 विकेट झटके थे. जबाव में खेलने उतरी टीम इंडिया 19.5 ओवर्स में 102 रन बना पाई थी. टीम इंडिया टारगेट से 13 रन पीछे रह गई थी. सिकंदर रजा और तेंदाई चतरा ने 3-3 विकेट झटके थे. उस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल ने की थी.
18 जून 2016 को भारत और जिम्बाब्वे के बीच एक और रोमांचक मुकाबला हरारे में खेला गया, तब भारतीय टीम की कमान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में थी. जिम्बाब्वे की टीम ने 170/6 का स्कोर बनाया. जवाब में खेलने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर्स में 168/6 का स्कोर बना पाई और 2 रन से हार गई.
19 जुलाई 2015... ये वो तारीख थी, जब सबसे पहले भारतीय टीम किसी टी20 इंटरनेशनल में जिम्बाब्वे की टीम से हारी थी. तब कप्तान अजिंक्य रहाणे थे, मैच भी हरारे में हुआ था. जिम्बाब्वे की टीम ने पहले खेलते हुए 145/7 का स्कोर बनाया और भारतीय टीम 135/9 का स्कोर बना सकी, इस तरह भारतीय टीम 10 रन से हार गई थी.
यानी साफ है कि भारतीय टीम को जिम्बाब्वे से तीनों हार हरारे में ही मिली है. इस बार सीरीज के तीनों ही मैच भी हरारे में हैं. ऊपर खबर में हम आपको हेड टू हेड बता चुके हैं, लेकिन हरारे में भारत ने 12 मुकाबले खेले हैं. 9 मैच जीते हैं, वहीं 3 में उसे हार मिली है.
जिम्बाब्वे टीम: ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, वेस्ली मधेवेरे, मिल्टन शुम्बा, रिचर्ड नगारवा, तनाका चिवांगा, ब्लेसिंग मुज़रबानी, बेन करन, तफादजवा त्सिगा, न्यूमैन न्यामहुरी
टीम इंडिया: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेट कीपर), तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, रिंकू सिंह, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई
भारत के जिम्बाब्वे दौरे का शेड्यूल
पहला टी20- 23 जुलाई, हरारे
दूसरा टी20- 25 जुलाई, हरारे
तीसरा टी20- 26 जुलाई, हरारे
कृष्ण कुमार