scorecardresearch
 

पुराने स्टाइल में लटकाते हैं दिवाली की झालर? आज ही बदल दें तरीका, इन 6 ट्रिक्स से मेहमान देखते रह जाएंगे घर का डेकोर

दिवाली पर घर को खूबसूरत बनाने के लिए महंगी झालरें खरीदना ही काफी नहीं, बल्कि उन्हें सही तरीके से लगाना भी जरूरी है. जानिए दीवार, खिड़की, दरवाजे और बालकनी में लाइट वाली झालरें सजाने के 6 आसान और स्टाइलिश तरीके, जिनकी मदद से साधारण लाइटों से भी घर को अट्रेक्टिव और शानदार लुक मिल सकता है.

Advertisement
X
दिवाली पर झालर टांगने के शानदार तरीके. (Photo: ITG)
दिवाली पर झालर टांगने के शानदार तरीके. (Photo: ITG)

दिवाली का जिक्र हो और घरों को लाइटों से सजाने की बात ना हो, ऐसा नहीं हो सकता है. दिवाली पर घर को सजाने के लिए लोग रंग-बिरंगी लाइटें और झालरें तो खूब खरीदते हैं. लोग खूब चाव से हर साल लाइट लाते हैं, लेकिन इन्हें लगाने का तरीका अक्सर वही पुराना रहता है. कोई दीवार पर सीधी झालर टांग देता है, तो कोई खिड़की और दरवाजे पर लाइटों को लपेट देता है. ऐसे में महंगी झालरें लगाने के बाद भी घर की डेकोरेशन कुछ खास नजर नहीं आती.

कई बार तो लाइटें इतनी बेतरतीब लगती हैं कि खूबसूरत दिखने के बजाय पूरा लुक खराब कर देती हैं. उन्हें देखकर अक्सर मेहमान मजाक बनाने लगते हैं. अगर आप चाहते हैं कि इस दिवाली मेहमान आपके घर की डेकोरेशन देखकर तारीफ करें, तो झालर लगाने का पुराना तरीका छोड़ दीजिए. बस कुछ छोटे-छोटे बदलाव करके आप साधारण लाइटों से भी घर को बेहद स्टाइलिश और अट्रेक्टिव बना सकते हैं. 

1. दीवार पर सीधी झालर लगाने की बजाय बनाएं डिजाइन: अक्सर लोग दीवार पर झालर को एक सीधी लाइन में टांग देते हैं. इससे डेकोरेशन काफी साधारण लगती है. इसकी जगह आप झालर को दीवार पर जिगजैग, वेव या पर्दे जैसी डिजाइन में लगा सकते हैं. इसके लिए छोटे हुक या ट्रांसपेरेंट क्लिप का इस्तेमाल करें. इससे दीवार पर खूबसूरत पैटर्न बनेगा और कमरे को भी शानदार लुक मिलेगा.

झालर को आप डिजाइनर तरीके से टांग सकते हैं. (Photo: AI Generated)


2. खिड़की पर झालर लगाने का तरीका बदलें: खिड़की पर झालर लगाना आम बात है, लेकिन इसे सही तरीके से लगाने पर पूरा कमरा चमक उठता है. खिड़की के चारों तरफ झालर को फ्रेम की तरह लगाएं. चाहें तो ऊपर से नीचे की तरफ लटकती हुई फेयरी लाइट्स भी लगा सकते हैं. इससे खिड़की बेहद खूबसूरत दिखेगी और रात में कमरे में भी प्यारी रोशनी फैलेगी.

Advertisement
कमरों की खिड़कियों पर भी आप लाइट लगा सकते हैं. (Photo: AI Generated)


3. दरवाजे पर झालर को फूलों के साथ सजाएं: मेन गेट पर सिर्फ झालर टांगने के बजाय उसे गेंदे के फूलों और तोरण के साथ सजाएं. दरवाजे के दोनों किनारों और ऊपर की तरफ लाइट लगाएं. इसके साथ फूलों की लड़ियां लगाकर डेकोरेशन को ट्रेडिशनल और मॉडर्न टच दे सकते हैं. इससे घर का एंट्रेंस बहुत ही अट्रेक्टिव लगेगा.

मेन गेट को आप फूलों के साथ लाइट से सजा सकते हैं. (Photo: AI Generated)


4. एक जगह सारी झालर लगाने की गलती न करें: कई लोग घर की सारी झालरें एक ही जगह लगा देते हैं. इससे घर का एक हिस्सा तो बहुत ज्यादा चमकता है, लेकिन बाकी जगह खाली नजर आती है. ऐसे में बेहतर होगा कि लाइटों को अलग-अलग हिस्सों में बांटें. कुछ झालरें बालकनी, कुछ खिड़कियों और कुछ लिविंग रूम में लगाएं. इससे पूरे घर में रोशनी का बैलेंस बना रहेगा और डेकोरेशन भी ज्यादा खूबसूरत दिखेगी.

दिवाली पर झालरों को लगाने के लिए अलग-अलग जगह चुनें. (Photo: AI Generated)


5. बालकनी में झालर लगाने का तरीका बदलें: बालकनी में झालर को सिर्फ रेलिंग पर लपेटने के बजाय ऊपर से नीचे की तरफ लटकाएं. आप रेलिंग के साथ-साथ बालकनी की छत और कोनों पर भी लाइट लगा सकते हैं. अगर वहां पौधे रखे हैं, तो उनके आसपास भी हल्की फेयरी लाइट्स लगा सकते हैं. इससे छोटी सी बालकनी भी बेहद खूबसूरत दिखने लगेगी.

Advertisement
बालकनी में लाइट लगाने के लिए भी अलग-अलग तरीके अपना सकते हैं. (Photo: AI Generated)


6. पर्दों के पीछे लगाएं झालर, मिलेगा शानदार लुक: अगर आपके घर में हल्के या ट्रांसपेरेंट पर्दे हैं, तो उनके पीछे फेयरी लाइट्स लगाना अच्छा आइडिया है. इससे पर्दों के बीच से आती रोशनी कमरे को बेहद खूबसूरत बना देगी. खास बात यह है कि इसके लिए आपको अलग से कोई महंगी डेकोरेशन खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

पर्दों के पीछे लगी लाइट भी कमरे को खूबसूरत लुक देती है. (Photo: AI Generated)

झालर लगाते समय इन गलतियों से बचें
झालर लगाते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है. सबसे पहले लाइटों की वायर और प्लग अच्छी तरह चेक कर लें. बिजली की झालरों को पानी और नमी से दूर रखें. लाइटों को एक-दूसरे के ऊपर उलझाकर न लगाएं और खराब तार या टूटे प्लग वाली झालर का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. झालर लगाने के लिए मजबूत और सुरक्षित हुक का इस्तेमाल करें.

इस दिवाली सिर्फ महंगी झालरें खरीदने पर पैसे खर्च न करें, बल्कि उन्हें लगाने का तरीका भी बदलें. थोड़ी सी प्लानिंग और इन आसान ट्रिक्स की मदद से आप पुरानी लाइटों को भी नया लुक दे सकते हैं और अपने घर की सजावट को खास बना सकते हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement