भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा. गॉल टेस्ट में 165 रनों की धमाकेदार जीत दर्ज करके टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. अब शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजर दूसरे टेस्ट को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने और श्रीलंका का क्लीन स्वीप करने पर है.
हालांकि इस मुकाबले से पहले मौसम ने एक बार फिर टीम इंडिया की चिंता बढ़ा दी है. चिंता की वजह है मौसम... कोलंबो के मौसम पूर्वानुमान में मैच के पांचों दिनों के दौरान बारिश और बादलों की संभावना जताई गई है. अलग-अलग मौसम एजेंसियों के अनुमान में बारिश की संभावना अलग है, लेकिन किसी भी दिन पूरी तरह साफ मौसम की गारंटी नहीं दिख रही.
कोलंबो में पांचों दिन कैसा रहेगा मौसम?
कोलंबो में 23 अगस्त यानी टेस्ट के पहले दिन हल्की से मध्यम बारिश या पासिंग शॉवर्स का खतरा है. मौसम बादलों से घिरा रहने की उम्मीद है और बारिश के कारण मैच में रुकावट आ सकती है. accuweather के मुताबिक मैच के पहले दिन 23 अगस्त 27 अगस्त तक बारिश की संभावना है. इस लिहाज से देखा जाए तो पांचों दिन टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच जमकर बारिश देखने को मिल सकती है.
यानी मुकाबले के पांचों दिन बारिश का खतरा मौजूद रहेगा. हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि पूरा मैच बारिश में धुल जाएगा. मौजूदा पूर्वानुमानों के मुताबिक रुक-रुककर होने वाली बारिश ज्यादा बड़ी चिंता है, जिससे मैच के ओवर कम हो सकते हैं और मुकाबले का नतीजा प्रभावित हो सकता है.
गॉल में भी बारिश ने किया था परेशान
टीम इंडिया के लिए बारिश का डर इसलिए भी अहम है क्योंकि पहले टेस्ट में मौसम ने लगातार खेल में खलल डाला था. गॉल में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबले के दौरान कई बार बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा था. दूसरे दिन तो करीब चार घंटे की देरी के बाद खेल शुरू हुआ और मैच का पहला दिन भी पूरे 90 ओवर का नहीं हो पाया था.
इसके बावजूद भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला टेस्ट 165 रनों से अपने नाम किया. डेब्यू टेस्ट में मानव सुथार ने गेंद से कमाल किया और श्रीलंका की दूसरी पारी को 206 रनों पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. दिलचस्प बात यह रही कि भारत की जीत के तुरंत बाद भारी बारिश शुरू हो गई थी.अब कोलंबो में भी मौसम का मिजाज भारतीय टीम के लिए परीक्षा ले सकता है.
भारत के लिए दूसरा टेस्ट क्यों है इतना अहम?
भारत सीरीज में 1-0 से आगे है. ऐसे में दूसरा टेस्ट जीतते ही टीम इंडिया दो मैचों की सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लेगी. भारतीय टीम की कोशिश सिर्फ सीरीज जीतने की नहीं होगी, बल्कि श्रीलंका को उसके घर में क्लीन स्वीप करने की भी होगी.
इसके अलावा वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2025-27 की रेस में भी यह मुकाबला भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है. ज्यादा से ज्यादा टेस्ट जीतना भारत के लिए फाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिहाज से अहम रहेगा.
श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज के बाद भारत को नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेलने हैं. इसके बाद घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की बड़ी सीरीज होनी है. ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ दोनों मुकाबले जीतना भारत के लिए आगे की राह आसान करने वाला साबित हो सकता है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क