छोले-भटूरे का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है लेकिन असली स्वाद तभी आता है जब भटूरे एकदम गुब्बारे की तरह फूले हुए और मुंह में घुल जाने वाले नरम हों. अक्सर लोग इन्हें फुलाने के लिए बहुत ज्यादा सोडा या यीस्ट का इस्तेमाल करते हैं जिससे स्वाद बिगड़ जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में ही एक ऐसी सीक्रेट चीज मौजूद है जिसे मैदा में मिलाते ही भटूरे न केवल फूलेंगे बल्कि लंबे समय तक नरम भी रहेंगे. यहां हम आपको बताएंगे कि चीज क्या है जिससे भटूरे परफेक्ट बनेंगे.
वह एक खास चीज क्या है?
भटूरों को एकदम सॉफ्ट और फूला हुआ बनाने के लिए आप चाहें सोडा या यीस्ट की जगह सूजी या फिर उबला हुआ आलू मिला सकते हैं. मैदा में एक कद्दूकस किया हुआ उबला आलू मिलाने से भटूरों को बेहतरीन बाइंडिंग मिलती है और वो तलने के बाद पिचकते नहीं हैं. आलू के अलावा सूजी भी एक जरूरी चीज है जो उन्हें करारापन देती है.
परफेक्ट भटूरा बनाने की रेसिपी
मैदा: 2 कप
उबला आलू: 1 मध्यम (बारीक कद्दूकस किया हुआ)
सूजी: 2 बड़े चम्मच (कुरकुरेपन के लिए)
दही: ¼ कप
चीनी: आधा चम्मच
नमक: स्वादानुसार
बेकिंग सोडा: एक चुटकी
तेल: मोयन के लिए और तलने के लिए
बनाने की विधि
एक परात में मैदा छान लें. अब इसमें सूजी, नमक, चीनी, बेकिंग सोडा और कद्दूकस किया हुआ उबला आलू डालें.
इसमें दही और 1 चम्मच तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं.
अब गुनगुने पानी की मदद से थोड़ा नरम आटा गूंथ लें. ध्यान रहे, आटा न ज्यादा सख्त हो और न ज्यादा गीला.
आटे के ऊपर थोड़ा तेल लगाएं और इसे गीले कपड़े से ढककर कम से कम 2 घंटे के लिए किसी गरम जगह पर रख दें.
2 घंटे बाद आटे को एक बार फिर हल्के हाथों से मलें.
अब लोइयां बनाकर भटूरे बेलें और उन्हें एकदम गरम तेल में तलें. भटूरा डालते ही उसे कलछी से हल्का सा दबाएं, वह तुरंत गुब्बारे जैसा फूल जाएगा.
aajtak.in