संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार 29 मार्च को हुई उस घटना की कड़ी निंदा की है. जिसमें इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी युद्ध के दौरान यूनिफिल (UNIFIL) के एक इंडोनेशियाई पीसमेकर की मौत हो गई. इसी घटना में एक अन्य इंडोनेशियाई पीसकीपर गंभीर रूप से घायल हुआ है.
यूएन महासचिव ने मृतक के परिवार, दोस्तों और इंडोनेशिया सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने घायल जवान के जल्द स्वस्थ होने कीं दुआएं की है. यह घटना उन हालिया मामलों की कड़ी है, जिन्होंने शांति सैनिकों की सुरक्षा और संरक्षा को खतरे में डाल दिया है.
गुटेरेस ने सभी पक्षों से इंटरनेशनल कानून के तहत अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और संयुक्त राष्ट्र कर्मियों व संपत्ति की सुरक्षा हर समय सुनिश्चित करने का आह्वान किया है.
शांति सैनिकों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा
महासचिव ने कहा कि हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं हुई हैं, जिन्होंने सीधे तौर पर शांति सैनिकों की सुरक्षा को जोखिम में डाला है. युद्धग्रस्त इलाकों में तैनात इन जवानों पर मंडराता खतरा अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता का विषय है. गुटेरेस ने जोर देकर कहा कि संयुक्त राष्ट्र के कर्मियों को निशाना बनाना या उनकी सुरक्षा में चूक होना पूरी तरह अस्वीकार्य है.
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी बात कहते हुए एंटोनियो गुटेरेस ने इंडोनेशियाई शांतिदूत के सहयोगियों और परिवार के प्रति सहानुभूति जताई है. उन्होंने कहा कि पीस के लिए दिया गया यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए. महासचिव ने घायल सैनिक के पूर्ण और शीघ्र स्वस्थ होने की उम्मीद जताई है, जिससे वे फिर से अपने कर्तव्यों का पालन कर सकें.
एंटोनियो गुटेरेस ने सभी संबंधित पक्षों को याद दिलाया कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत संयुक्त राष्ट्र की संपत्तियों और कर्मचारियों की सुरक्षा करना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने यूएन कर्मियों और उनकी संपत्ति की अखंडता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं.
aajtak.in