'देश में वोट चोरी के खिलाफ़ गुस्सा, फिर भी नाम मिटाने की साजिश', SIR पर राहुल का निशाना

राहुल गांधी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर वोटर लिस्ट से हजारों नाम हटाने और वोट चोरी की साजिश रचने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि इस साजिश का निशाना मुस्लिम, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के मतदाता हैं. राहुल ने इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग की.

Advertisement
राहुल गांधी ने BJP पर वोट चोरी के लिए SIR से नाम हटाने का आरोप लगाया.. (File Photo- PTI) राहुल गांधी ने BJP पर वोट चोरी के लिए SIR से नाम हटाने का आरोप लगाया.. (File Photo- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 01 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:50 PM IST

वोटर लिस्ट से नाम काटने और वोट चोरी को लेकर सियासत जारी है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर हमला बोला है. उन्होंने बीजेपी पर वोट चोरी और चुनाव आयोग पर अपनी मनमानी करने का आरोप लगाया.

राहुल गांधी ने कहा कि पूरा देश आज 'वोट चोरी' के खिलाफ गुस्से की आग में सुलग रहा है, इसके बावजूद बीजेपी और चुनाव आयोग खुलेआम अपनी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं. 

Advertisement

कर्नाटक के बेलगावी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक ही झटके में लगभग 15 हजार मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से मिटाने की खतरनाक साजिश रची जा रही थी. सिर्फ तीन दिनों (22, 23 और 24 सितंबर) में मतदाता सूची से इतने बड़े पैमाने पर नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 की बाढ़ सी आ गई.

'बीजेपी के निशाने पर दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग'

कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि इस पूरी साजिश के निशाने पर आखिर कौन लोग थे? उन्होंने खुद जवाब देते हुए कहा कि इसके मुख्य निशाने पर मुस्लिम, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दूसरे पिछड़ा वर्ग (OBC) के मतदाता थे. ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि इनमें से ज्यादातर लोग बीजेपी के खिलाफ मतदान करते हैं.

राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्होंने इस तरह की वोट चोरी के तौर-तरीकों का पर्दाफाश पहले भी किया था. उनका कहना है कि एक केंद्रीयकृत तरीके से सॉफ्टवेयर के जरिए मतदाताओं के नाम डिलीट किए जाते हैं. बीजेपी और चुनाव आयोग के लोग मिलकर 'चुनिंदा' लोगों के खिलाफ ऑटोमेटेड तरीके से थोक में फॉर्म 7 भरवाते हैं और देखते ही देखते लाखों वोटर सूची से गायब हो जाते हैं. ये सारा खेल ऊपर से कंट्रोल किया जाता है.

Advertisement

राहुल गांधी ने बताया कि इस गड़बड़ी के खिलाफ कर्नाटक कांग्रेस के नेता इस वक्त राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दफ्तर में डटे हुए हैं और दोषियों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि आखिर CEO इस मामले में FIR दर्ज करने से क्यों कतरा रहे हैं?

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सभी मिलकर SIR के जरिए देश के लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रच रहे हैं. राहुल गांधी ने इसे 'देशद्रोह' करार देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की.

यह भी पढ़ें: 'Form 6 बदला, लेकिन आदेश किसका था?' राहुल गांधी ने EC से पूछा सवाल

राहुल गांधी ने ये तक कहा कि इस मामले में ज्ञानेश कुमार को सरकारी गवाह बन जाना चाहिए, ताकि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के खिलाफ निष्पक्ष जांच हो सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »