समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान ने उत्तर प्रदेश में सरकारी कार्यक्रमों से विपक्षी दलों के सांसदों और विधायकों को दूर रखने का मुद्दा उठाया. उन्होंने राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान अपना दर्द बयान करते हुए सवालिया लहजे में कहा कि क्या विपक्षी सांसदों को कार्यक्रमों से बाहर रखने का फैसला प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जानकारी में हो रहा है?
जावेद अली खान ने कहा कि या फिर अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने की कोशिश में लगे चापलूस नौकरशाह ऐसा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर सरकार इसे ही नीति बनाना चाहती है, तो कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग के दिशा-निर्देशों में औपचारिक संशोधन कर दे. सपा सांसद ने कहा कि कम से कम ऐसे नजरअंदाज तो ना करें.
उन्होंने कहा कि विपक्ष में होना कोई अपराध नहीं है. सांसदों और विधायकों के सम्मान की रक्षा की जानी चाहिए. जावेद अली खान ने कहा कि योजनाओं के उद्घाटन और अन्य सरकारी आयोजनों से विपक्षी दलों के सांसदों को दूर रखना केंद्र सरकार के निर्देशों का उल्लंघन है. उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार के उन दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है, जिनके तहत किसी क्षेत्र के निर्वाचित प्रतिनिधियों को ऐसे कार्यक्रमों में बुलाया जाना जरूरी होता है.
यह भी पढ़ें: CAPF रेगुलेशन बिल राज्यसभा से पारित, विपक्ष ने वोटिंग से किया किनारा, वॉकआउट कर गए सांसद
जावेद अली खान ने कहा कि वरीयता क्रम के निर्देश स्पष्ट् हैं. इसके बावजूद समाजवादी पार्टी के सांसदों को कार्यक्रमों से दूर रखा जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि इन आयोजनों में बीजेपी के पदाधिकारी भी शामिल होते हैं और कई उदाहरण भी दिए. जावेद अली खान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल में जब जिला कलेक्ट्रेट का उद्घाटन किया, तब उस क्षेत्र के तीन सपा विधायकों में से किसी को भी नहीं बुलाया गया.
यह भी पढ़ें: CAPF, बैंकरप्सी और जन विश्वास... संसद के दोनों सदनों से 1 दिन में चार बिल पास
उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था. यह एयरपोर्ट अब तक चालू नहीं हो सका है. जावेद अली खान ने यह भी कहा कि मुरादाबाद एयरपोर्ट के उद्घाटन में भी मंडल के छह में से पांच सांसदों को नहीं बुलाया गया था, जो समाजवादी पार्टी के हैं. उन्होंने कहा कि कासगंज में भी एक आयोजन से सपा के सांसदों और विधायकों को बाहर रखा गया.
यह भी पढ़ें: 'साइकिल वालों, सतर्क हो जाओ...' लोकसभा में किसके लिए बोले धर्मेंद्र यादव
जावेद अली खान ने कहा कि प्रयागराज में प्रधानमंत्री की ओर से पांच हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं के शुभारंभ के मौके पर भी विपक्षी दल के किसी भी सांसद को नहीं बुलाया गया. उन्होंने एक कार्यक्रम का अनुभव शेयर करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार मेरे जिले के एक सरकारी कार्यक्रम में पहुंचे थे. जावेद अली खान ने कहा कि सामाजिक न्याय मंत्री को फोन कर शिकायत की थी कि मुझे और मेरी पार्टी के विधायक को कार्यक्रम में नहीं बुलाया गया है. उन्होंने कहा कि मंत्री ने इसे देखने का आश्वासन दिया था, लेकिन तब भी मुझे निमंत्रण नहीं मिला.
aajtak.in