'क्रेडिट लिया तो जिम्मेदारी भी लें...' राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कांग्रेस का PM मोदी पर निशाना

अयोध्या के राम मंदिर में चंदे की हेराफेरी को लेकर कांग्रेस ने BJP और RSS पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है. कांग्रेस ने SIT की जांच रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक करने की मांग की है और प्रधानमंत्री मोदी से इस मामले की जिम्मेदारी लेने को कहा है.

Advertisement
कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले की SIT रिपोर्ट जारी करने की मांग की. (Photo- ITGD) कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले की SIT रिपोर्ट जारी करने की मांग की. (Photo- ITGD)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:40 PM IST

अयोध्या के राम मंदिर में मिले चंदे में हेराफेरी को लेकर सियासत जारी है. अब कांग्रेस ने BJP और RSS पर इस घोटाले के आरोपियों को बचाने का आरोप लगा दिया है. कांग्रेस ने मांग की है कि इस मामले की जांच करने वाली SIT की रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक किया जाना चाहिए.

कांग्रेस ने चंदे में हुई इस चोरी को देश के 100 करोड़ हिंदुओं की आस्था पर आघात बताया है. पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले की जिम्मेदारी लेने को कहा है. कांग्रेस का कहना है कि जिस तरह पीएम मोदी ने मंदिर निर्माण का पूरा श्रेय खुद लिया था, उसी तरह उन्हें इस गड़बड़ी की जिम्मेदारी भी लेनी चाहिए.

Advertisement

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर केंद्र सरकार और बीजेपी-आरएसएस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी और उनके साथियों का एकमात्र सपना 'राम नाम जपना और पराया माल अपना' बनाना है.

BJP-RSS पर गंभीर आरोप

जयराम रमेश ने अपने बयान में कहा, 'राम मंदिर के चंदे में हुई लूट से पूरा देश दुखी है. नागरिकों के दबाव के कारण SIT रिपोर्ट के बाद FIR तो दर्ज की गई, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं. ऐसा इसलिए है क्योंकि उनके संबंध आरएसएस और बीजेपी से हैं.'

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूरा BJP-RSS का तंत्र चोरों को बचाने और इस मामले को दबाने में जुटा है. जयराम रमेश ने चेतावनी भरे लहजे में लिखा कि जो लोग राम मंदिर की लूट में शामिल दोषियों को बचा रहे हैं, वो भी उतने ही दोषी हैं. इस घिनौने काम के लिए भगवान राम उन्हें जरूर सजा देंगे और देश की जनता भी उनसे हिसाब मांगेगी.

Advertisement

कांग्रेस नेताओं को घर में नजरबंद करने की निंदा

जयराम रमेश ने कांग्रेस नेताओं को भगवान राम के दर्शन करने जाने से रोकने और उन्हें तानाशाही तरीके से घर में नजरबंद करने की भी निंदा की. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेता अजय राय ने भी दावा किया कि उन्हें इस दौरान घर में नजरबंद कर दिया गया था.

'ये सिर्फ चोरी नहीं, महापाप है'

वहीं, कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने इस मामले को 'महापाप' करार दिया. उन्होंने कहा, 'ये कोई साधारण चोरी या घोटाला नहीं है. ये महापाप है. ये दुनिया भर के हिंदुओं की आस्था और देश की आत्मा पर चोट है. जब चोरी राम मंदिर के अंदर हुई है, तो सरकार क्या छुपाने की कोशिश कर रही है? एसआईटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाना चाहिए ताकि हर नागरिक सच जान सके.'

उन्होंने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिलान्यास से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक, हर चीज का श्रेय लेने वाले प्रधानमंत्री आज चंदे की चोरी पर चुप क्यों हैं? उनकी ये चुप्पी कई बड़े सवाल खड़े करती है.

सुप्रीम कोर्ट के जज से जांच की मांग

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश सरकार की जांच पर अविश्वास जताया है. सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि इस मामले में आरोपी, वकील और जज एक ही सरकार के लोग नहीं हो सकते. इसलिए इस पूरे घोटाले की जांच सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज की निगरानी में होनी चाहिए.

Advertisement

कांग्रेस ने सरकार के सामने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तुरंत भंग करने की मांग की. पार्टी के मुताबिक, इस ट्रस्ट को RTI के दायरे से बाहर रखा गया था, जिसके चलते फंड की हेराफेरी आसानी से हुई. कांग्रेस के मुताबिक, ट्रस्ट के पदाधिकारी चंपत राय बंसल और बाकी दोषियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए.

सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि चंपत राय इस घोटाले की 'बड़ी शार्क' हैं, जिन्होंने सिर्फ इस्तीफा दे दिया है और उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की जा रही है. उन्होंने स्थापना के समय से लेकर अब तक मिले सभी चंदों का एक स्वतंत्र ऑडिट कराए जाने की मांग रखी. श्रीनेत ने ये भी कहा कि पीएम मोदी भक्तों की आस्था के साथ हुए इस धोखे पर देश के सामने बयान दें और माफी मांगें.

यह भी पढ़ें: राम मंदिर दान चोरी: चंपत राय-अनिल मिश्रा के खाते खंगालेगी पुलिस, बैंक ऑफ बड़ौदा ने दिया नोटिस का जवाब

सीसीटीवी फुटेज से खुलासे पर सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुप्रिया श्रीनेत ने बताया कि लगभग 40 दिनों के सीसीटीवी फुटेज में चोरी की करीब 70 घटनाएं रिकॉर्ड हुई हैं. लेकिन ये तो सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा है. उन्होंने कहा, 'मौजूद फुटेज सिर्फ 40 दिनों का है क्योंकि पुराना सीसीटीवी फुटेज अब अस्तित्व में नहीं है. ऐसे में पिछले साढ़े पांच सालों का हिसाब कौन देगा? ये चोरी पिछले कई सालों से एक संगठित तरीके से चल रही थी.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »