यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर हमले तेज करने का दावा किया है. हूतियों के मुताबिक, उन्होंने सऊदी अरब के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और सऊदी अरामको के तेल भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया है. हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने कहा कि संगठन ने अबकैक शहर में अरामको की एक फैसिलिटी पर दूसरी बार मिसाइल और ड्रोन से हमला किया.
इससे पहले हूतियों ने सऊदी राजधानी रियाद के फाइनेंशियल सेंटर को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया था. इस हमले में सऊदी सरकारी तेल कंपनी अरामको की एक इमारत को नुकसान पहुंचा. सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक, मिसाइल के मलबे के टुकड़े गिरने से अरामको की प्रशासनिक इमारत को मामूली नुकसान हुआ. इस घटना में किसी के घायल होने या मारे जाने की खबर नहीं है.
यह भी पढ़ें: मदीना की तरफ हूती ने दागी मिसाइल, सऊदी अरब ने हवा में मार गिराया, होर्मुज में माइन से टकराया टैंकर
एक रिपोर्ट के मुताबिक, रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित अरामको टावर की कई मंजिलों की खिड़कियां टूट गईं. इससे पहले रियाद में कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं. सऊदी सिविल डिफेंस ने लोगों को अलर्ट भी जारी किया था. बाद में अधिकारियों ने बताया कि खतरा टल गया है.
सऊदी एयर डिफेंस ने कई मिसाइलें रोकीं
हूतियों के हमलों के बीच सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसकी एयर डिफेंस ने रियाद की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया. इसके बाद राजधानी और देश के दक्षिणी हिस्से में दो क्रूज मिसाइलों को भी रोकने की जानकारी दी गई. गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने इससे पहले बताया था कि पूर्वी प्रांत की ओर दागी गई एक और बैलिस्टिक मिसाइल को भी इंटरसेप्ट किया गया.
यह भी पढ़ें: आसिम मुनीर फिर ईरान पहुंचे, सऊदी पर हूती हमलों के बीच चार देशों की अहम मीटिंग
कतर ने हूतियों के हमलों की निंदा की
सऊदी अरब पर हमलों को लेकर कतर ने हूतियों की कड़ी निंदा की है. कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि रियाद समेत सऊदी के कई इलाकों को निशाना बनाना नागरिकों की जान की अनदेखी और सऊदी संप्रभुता का खुला उल्लंघन है. मंत्रालय ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताते हुए नागरिक ठिकानों और लोगों पर हमले तुरंत रोकने की मांग की.