हर कोई अपनी कमाई में से कुछ न कुछ सेविंग करके उसे ऐसी जगह निवेश करना चाहते हैं, जहां उनका पैसा सुरक्षित रहने के साथ ही रिटर्न भी जोरदार मिले. इस लिहाज से पोस्ट ऑफिस द्वारा संचालित सरकारी स्कीम्स खासी पॉपुलर हैं, जिनमें निवेश पर सुरक्षा की गारंटी खुद सरकार लेती है यानी Risk Free Investment और सरकार की ओर से ब्याज भी जोरदार 7-8% से ज्यादा ऑफर किया जाता है. ऐसी ही पांच धांसू पोस्ट ऑफिस स्कीम के बारे में जानते हैं, जो बच्चों, महिलाओं के लिए खास हैं, तो रिटायमेंट के बाद रेगुलर इनकम भी कराती हैं.
पहली स्कीम : महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र (MSSC)
खासतौर पर महिलाओं के लिए साल 2023 से संचालित की जा रही महिला सम्मान बचत प्रमाणपत्र स्कीम पर सरकार 7.5% का ब्याज दे रही है. दो साल की मैच्योरिटी वाली इस सरकारी योजना महज 1000 रुपये से अकाउंट ओपन कराया जा सकता है. इसमें अधिकतम निवेश 2 लाख रुपये का हो सकता है. इसमें आंशिक निकासी की सुविधा भी मिलती है और अकाउंट ओपन होने के एक साल बाद जमा का 40% निकाला जा सकता है, जबकि 6 महीने बाद शर्तों के साथ अकाउंट को क्लोज कर सकते हैं.
दूसरी स्कीम: सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)
Post Office की ये स्कीम सबसे पॉपुलर है और बेटिंयों के लिए खास है. इस सरकारी स्कीम में निवेश से माता-पिता के लिए उनकी बेटी के जन्म से लेकर उसकी पढ़ाई-लिखाई और शादी तक के लिए फंड जम हो सकता है. सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 10 साल से कम उम्र की बेटी के नाम पर खाता खोला जाता है और सरकार की ओर से 8.2% तक का धांसू ब्याज मिलता है. अधिकतम सालाना निवेश की लिमिट 1.5 लाख रुपये है, जो 15 साल तक करना होगा है और 6 साल के लॉकइन के बाद मैच्योरिटी तक ब्याज मिलता रहता है. सालाना इस अधिकतम निवेश के जरिए बेटी के लिए 69,27,578 रुपये जुटा सकते हैं. वहीं इनकम टैक्स छूट का लाभ भी मिलता है.
तीसरी स्कीम: पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF)
पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) पोस्ट ऑफिस का एक लॉन्गटर्म इन्वेस्टमेंट प्लान है. खासतौर पर ये उन पेशेवरों के लिए सबसे फायदेमंद है, जो टैक्स फ्री सेविंग करना चाहते हैं.Post Office PPF पर सालाना 7.1% का ब्याज दिया जाता है. इसके साथ ही इनकम टैक्स की धारा 80C के तहत टैक्स छूट का लाभ भी मिलता है. इस स्कीम में 500 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है और सालाना 1.5 लाख कर जमा कर सकते हैं. इसका लॉक-इन-पीरियड 15 साल का है. मैच्योरिटी के बाद इसे 5 साल के लिए और आगे बढ़ाया जा सकता है. मैच्योरिटी पर मिलने वाली राशि भी पूरी तरह टैक्स-मुक्त होती है.
चौथा स्कीम: पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (POMIS)
पोस्ट ऑफिस की एक और शानदार स्कीम है Post Office Monthly Income Scheme, जिसमें एकमुश्त निवेश के बाद अगले महीने से ही ब्याज मिलना शुरू हो जाता है. सरकार इसमें 7.4% सालाना ब्याज देती है. निवेश 1000 रुपये से शुरू किया जा सकता है. सिंगल या जॉइंट दोनों अकाउंट खुलवाने की सुविधा मिलती है. सिंगल अकाउंट खुलवाते हैं, तो अधिकतम 9 लाख का निवेश कर सकते हैं और इसके जरिए मंथली 55 रुपये की कमाई ब्याज से हो जाती है. वहीं जॉइंट अकाउंट के लिए मैक्सिमम लिमिट 15 लाख रुपये हैं, जिसमें हर महीने 9,250 रुपये की कमाई पक्की होती है.
पांचवीं स्कीम: सीनियर सिटीजन सेविंग स्कीम (SCSS)
रिटायरमेंट के बाद पैसों की टेंशन न हो इसके लिए भी पोस्ट ऑफिस की एक स्कीम है, जो बैंक एफडी से भी ज्यादा 8.2% ब्याज के चलते खासी पॉपुलर है. इस स्कीम में निवेश के जरिए 20,500 रुपये महीने फिक्स्ड इनकम की जा सकती है. इसे रेगुलर इनकम स्कीम भी कहा जाता है. Post Office SCSS Scheme में सिर्फ 1000 रुपये से निवेश शुरू कर सकते हैं और सिंगल अकाउंट में 15 लाख, जबकि जॉइंट अकाउंट में अधिकतम निवेश की सीमा 30 लाख रुपये है. अगर ये एकमुश्त 30 लाख का निवेश किया जाता है, तो तिमाही आधार पर सिर्फ ब्याज से 61,500 रुपये होता है, जो पूरे पांच साल मिलता रहता है और इसे मंथली देखें, तो 20,500 रुपये बनता है. मैच्योरिटी पर जमा पूरी मूल राशि निकाल सकते हैं या फिर इसे तीन साल के लिए आगे बढ़ा सकते हैं.