
ब्रिटेन के रक्षा मंत्री जॉन हीली ने गुरुवार को अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने इस्तीफा देते हुए कहा कि बढ़ते खतरों के इस दौर में सरकार सेना पर पर्याप्त खर्च करने के लिए तैयार नहीं है. हीली ने प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से कहा कि सरकार का डिफेन्स इन्वेस्टमेंट प्लान इस खतरनाक समय में देश की जरूरतों से बहुत कम है.
रक्षा मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के बीच मतभेदों की खबरों के कारण योजना को जारी करने में पहले ही देरी हो रही थी. हीली ने अपने त्याग पत्र में लिखा कि, 'बढ़ते खतरों के इस दौर में देश की रक्षा के लिए जिन संसाधनों की आवश्यकता है, उन्हें जुटाने में आप असमर्थ रहे हैं और वित्त मंत्रालय इसके लिए तैयार नहीं है.'

जॉन हीली ने लिखा कि 'अब मेरे पास रक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है.'
यह भी पढ़ें: PoK में पाकिस्तानी सेना का जुल्म, विरोध में सड़कों पर उतरे डेढ़ लाख कश्मीरी
2024 से संभाल रहे थे पद
जॉन हीली जुलाई 2024 में लेबर पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही ब्रिटेन के डिफेन्स चीफ का पद संभाल रहे थे. उन्हें एक सक्षम और गंभीर मंत्री माना जाता है. उनका इस्तीफा सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने ब्रिटेन के रक्षा खर्च को 2027 तक ग्रॉस डोमेस्टिक प्रोडक्ट (GDP) का 2.5% और 2034 तक 3% करने का वादा किया है. हालांकि, सैन्य क्षेत्र के कई विशेषज्ञों और अधिकारियों का मानना है कि यह रफ्तार बहुत धीमी है.
यह इस्तीफा मुश्किलों से घिरे प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के लिए एक और बड़ा झटका है, जो पहले से ही अपनी ही लेबर पार्टी के सहयोगियों की तरफ से इस्तीफा देने के भारी दबाव का सामना कर रहे हैं.