सिंगर शिल्पा राव का एक म्यूजिक कॉन्सर्ट विवादों में है. मुंबई में आयोजित बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट फेस्टिवल में उनकी परफॉर्मेंस को बीच में ही रोक दिया गया. शिल्पा के फैंस ने उनके साथ हुए इस तरह के बर्ताव को बेइज्जती बताया है.
सोशल मीडिया पर उनके कॉन्सर्ट का वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में देखा जा सकता है कि शिल्पा दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए अपनी बात पूरी भी नहीं कर पाई थीं कि उनका माइक बंद कर दिया गया और उन्हें स्टेज से हटने के लिए कहा गया. सिंगर के साथ ऐसा बर्ताव उनके फैंस को बिल्कुल पसंद नहीं आया.
शिल्पा के साथ इस विवाद में ना सिर्फ उनके फैंस गुस्से में हैं बल्कि उनके पति रितेश कृष्णन ने भी इस बात पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. रितेश ने बताया कि इस घटना ने उन्हें गुस्सा, निराशा और बेबसी से भर दिया है. उन्होंने कहा, 'सबसे ज्यादा तकलीफ इस बात से हुई कि जिस इंसान से मैं इतना प्यार करता हूं और जिसकी इतनी इज्जत करता हूं, उसे इस तरह की परिस्थिति से गुजरना पड़ा. मैं जानता हूं कि शिल्पा के लिए उनके दर्शक और फैंस कितने अहमियत रखते हैं. अपनी पत्नी के साथ इस तरह का अपमानजनक व्यवहार होते देखना मेरे लिए ऐसा अनुभव था, जिसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा.'
शिल्पा ने उस मामले के बाद सोशल मीडिया पर अपनी बात शेयर की. उन्होंने कहा कि मुंबई में हुई उस घटना से उन्हें बहुत बुरा लगा. उससे उन्हें गहरी ठेस पहुंची है. उन्होंने मुंबई के अपने फैंस से दोबारा मिलने का वादा किया.
शिल्पा ने लिखा, 'मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा-सा हिस्सा टूट गया. इतनी खूबसूरत चीज को इस तरह हमसे छीन लिया जाना बहुत तकलीफ देता है.'
हालांकि इस घटना के बाद बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से सफाई जारी की गई. आयोजकों ने शिल्पा राव की परफॉर्मेंस अचानक खत्म होने पर उनसे माफी मांगी.