अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत विरोधी इल्हान उमर को पूरी तरह से बेईमान और बुरा इंसान कहा, जब फेडरल अथॉरिटी ने वाशिंगटन, डीसी में उनके घर पर छापा मारा. ट्रंप ने कहा कि जस्टिस डिपार्टमेंट इल्हान उमर के मामले को देख रहा है. इससे पहले ट्रंप तंज कस चुके हैं कि उमर अमेरिका गैरकानूनी तरीके से आई थीं और उन्होंने यहां एंट्री पाने के लिए अपने भाई से शादी की थी.
इस बीच, जस्टिस डिपार्टमेंट ने बताया कि यह रेड एक ऑनगोइंग फेडरल इन्वेस्टिगेशन का हिस्सा है. वहीं इस मामले से जुड़े एक व्यक्ति के अनुसार यह जांच कथित इमिग्रेशन फ्रॉड से जुड़ी हुई है.
इल्हान उमर ने ट्रंप प्रशासन पर राजनीतिक डराने-धमकाने का आरोप भी लगाया है और कहा कि सरकार का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधी के खिलाफ हथियार के तौर पर किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: रियाद एयरपोर्ट पर मिसाइल अटैक का खौफनाक CCTV फुटेज, ब्लास्ट होते ही मची भगदड़
बता दें, अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, 'होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस' (HSI) की ओर से अदालत से जारी वारंट के आधार पर छापेमारी की गई. वॉशिंगटन में सोमवार को इल्हान उमर के घर के बाहर HSI की जैकेट पहने कई एजेंटों को देखा गया.
जस्टिस डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने पुष्टि करते हुए बताया कि वॉशिंगटन डीसी में जस्टिस डिपार्टमेंट की ओर से सुरक्षित किए गए अदालती वारंट के तहत कार्रवाई की गई. ये कार्रवाई जारी संघीय जांच (फेडरल इन्वेस्टिगेशन) का हिस्सा है.
वहीं, इल्हान उमर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'मैं ठीक हूं. कोई गलती न करें... ये पॉलिटिकल दुश्मनों को टारगेट करने और फेडरल लॉ एनफोर्समेंट को हथियार बनाने की कोशिश है. दस साल से, ट्रंप मुझे बेबुनियाद झूठ और बदनाम करने वाले कैंपेन से टारगेट कर रहे हैं. यह उनके पॉलिटिकल डराने-धमकाने के कैंपेन में बस सबसे नया कदम है. मैं चुप नहीं रहूंगा.'