scorecardresearch
 

तंजानिया में भीषण सड़क हादसा, लकड़ी से भरे ट्रक ने बस को मारी टक्कर, 28 यात्रियों की मौत

तंजानिया में शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 28 लोगों की मौत हो गई है. लकड़ी से भरे ट्रक की बस से टक्कर के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई. हादसे के बाद घायलों और मृतकों की संख्या का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.

Advertisement
X
Tanzania Bus Accident (Photo: Representational)
Tanzania Bus Accident (Photo: Representational)

अफ्रीकी देश तंजानिया में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया. यहां एक यात्री बस की लकड़ी से भरे ट्रक से टक्कर हो गई, जिसके बाद देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई. इस हादसे में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई.

हादसा पूर्वी तंजानिया में मोरोगोरो दार एस सलाम हाईवे पर मकांबरन के पास हुआ. बस दार एस सलाम से म्बेय शहर की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक इरिंगा से दार एस सलाम की तरफ आ रहा था.

मोरोगोरो क्षेत्र की फायर एंड रेस्क्यू टीम के कार्यवाहक कमांडर जोसेफ म्वासबेजा ने घटनास्थल पर बताया कि ट्रक दूसरी गाड़ियों को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था.इसी दौरान उसकी यात्री बस से भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद बस में आग लग गई और आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी.

हालांकि, कुछ घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. मोरोगोरो रीजनल रेफरल हॉस्पिटल की प्रवक्ता स्कोलास्टिका नडुंगा ने बताया कि अस्पताल में लाए गए मृतकों और घायलों की संख्या के आंकड़े बाद में जारी किए जाएंगे. तंजानिया में सड़क हादसों का खतरा लगातार चिंता का विषय बना हुआ है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: रेलवे स्टेशन के पास भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की भिड़ंत में 3 युवकों की गई जान

जून 2025 में देश के उत्तरी किलिमंजारो क्षेत्र में दो बसों की टक्कर के बाद आग लग गई थी. उस हादसे में कम से कम 37 लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की थी.

अफ्रीका में सड़क हादसों से सबसे ज्यादा मौतें

संयुक्त राष्ट्र के आर्थिक आयोग के मुताबिक, अफ्रीका में सड़क हादसों से होने वाली मौतों की दर दुनिया में सबसे ज्यादा है. यहां हर एक लाख लोगों पर करीब 26 लोगों की सड़क हादसों में मौत होती है, जबकि दुनिया का औसत लगभग 18 है. खास बात यह है कि दुनिया के कुल वाहनों में अफ्रीका की हिस्सेदारी महज 3% है.

जांच और घायलों के आंकड़े सामने आने के बाद हादसे की पूरी तस्वीर साफ होगी. फिलहाल 28 लोगों की मौत ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement