यूक्रेन पर महाविनाश का बड़ा खतरा मंडरा रहा है. राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शनिवार को इसे लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है. उनका दावा है कि रूस उन पर खतरनाक 'ओरेश्निक' हाइपरसोनिक मिसाइल दागने की तैयारी में है. उनके मुताबिक इसके लिए उन्हें अमेरिका और यूरोप से एक सीक्रेट इनपुट मिला है. यूक्रेन की खुफिया एजेंसियों ने भी इसकी पुष्टि की है, जिसके बाद देश में हड़कंप मच गया है.
जेलेंस्की ने साफ किया है कि रूस इस बार सिर्फ एक मिसाइल नहीं दागेगा. वह राजधानी कीव समेत कई शहरों पर एक साथ हमला करने की फिराक में है. इस हमले में अलग-अलग तरह के घातक हथियारों का इस्तेमाल किया जा सकता है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शनिवार शाम से ही हवाई हमले के सायरन (एयर-रेड अलर्ट) को गंभीरता से लें. रूसी पागलपन की कोई सीमा नहीं है, इसलिए सायरन बजते ही तुरंत सुरक्षित बंकरों में चले जाएं.
हालांकि, जेलेंस्की ने बताया कि खुफिया इनपुट की अभी जांच की जा रही है. लेकिन खतरे के संकेत बहुत गंभीर हैं. इन्हें किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. यही वजह है कि यूक्रेन की सेना और वहां का एयर डिफेंस सिस्टम इस संभावित हमले का सामना करने के लिए अपनी तैयारियों को मजबूत करने में जुट गया है.
जनवरी में इसी मिसाइल ने मचाई थी तबाही
न्यूज एजेंसी के रॉयटर्स के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब रूस की इस 'ओरेश्निक' मिसाइल को लेकर खौफ बना हुआ है. इससे पहले इसी साल जनवरी 2026 में रूस ने यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से पर इसे दागा था. तब ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी जैसे बड़े देशों ने रूस के इस कदम को बेहद खतरनाक और माहौल बिगाड़ने वाला बताया था. अब एक बार फिर इस हाइपरसोनिक मिसाइल के इनपुट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है.
जेलेंस्की ने अमेरिका और यूरोप के अपने साथी देशों से अपील की है कि वे रूस पर पहले से ही दबाव बनाएं, ताकि वह इस युद्ध को और न बढ़ाए. उन्होंने कहा कि अगर शनिवार को रूस को इतने बड़े पैमाने पर जिंदगियां तबाह करने की छूट मिल गई, तो दुनिया के दूसरे तानाशाह देशों को भी बढ़ावा मिलेगा. जेलेंस्की ने साफ शब्दों में कहा कि हमें इस युद्ध को खत्म करने के लिए शांति चाहिए, न कि किसी एक इंसान की सनक और बीमार इरादों को पूरा करने वाली मिसाइलें.