फ्रांस की राजधानी पेरिस के पश्चिम में गोलीबारी की एक घटना सामने आई है. यवेलिन्स जिले के ट्रैप्स इलाके में हुई इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कम से कम चार अन्य घायल हो गए. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह हमला चलती गाड़ी से गोलीबारी के रूप में किया गया. फ्रांसीसी मीडिया संस्थान BFM के मुताबिक, मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है.
फ्रांस के प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने भी इस घटना में एक व्यक्ति की मौत और चार लोगों के घायल होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि फ्रांस की आतंकवाद रोधी अदालत इस मामले को देख रही है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी और हमलावर का मकसद क्या था.
यह भी पढ़ें: पहले जानवरों में फैला, अब इंसान की मौत... फ्रांस में मिला शमोंडा वायरस कितना खतरनाक?
आतंकवाद रोधी एजेंसी ने शुरू की जांच
फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी अभियोजक कार्यालय ने गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद रोधी एजेंसियां भी इसकी पड़ताल कर रही हैं. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि गोलीबारी किसी आपराधिक विवाद का नतीजा थी या इसके पीछे कोई आतंकी मकसद था.
पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है. हालांकि, उसकी पहचान और गोलीबारी में उसकी कथित भूमिका को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. अधिकारियों की ओर से घटना के कारणों और हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों के बारे में भी कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.
जांच के बाद सामने आएगी वजह
इस मामले में अभियोजक कार्यालय और आतंकवाद रोधी अदालत के प्रतिनिधियों से टिप्पणी के लिए संपर्क किया गया, लेकिन तत्काल कोई जवाब नहीं मिला. फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां घटना से जुड़े तथ्यों को जुटा रही हैं. जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रैप्स में हुई इस गोलीबारी के पीछे क्या कारण था और क्या इसका संबंध आतंकवाद से है.