scorecardresearch
 

पनामा में पहले 7.7 तीव्रता का भूकंप, फिर 6.6 का झटका... इमारतें गिरीं, डर के मारे घरों से भागे लोग

पनामा में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. इसके बाद 6.6 तीव्रता का एक और भूकंप आया और कई आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए. भूकंप के केंद्र के पास इमारतें गिरने लगीं. लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया गया.

Advertisement
X
पनामा में शुक्रवार सुबह 7.7 और फिर 6.6 की तीव्रता से भूकंप आया. (Photo- Reuters))
पनामा में शुक्रवार सुबह 7.7 और फिर 6.6 की तीव्रता से भूकंप आया. (Photo- Reuters))

मध्य अमेरिकी देश पनामा में शुक्रवार को दो शक्तिशाली भूकंप आए. पहले 7.7 तीव्रता के भूकंप ने कई इलाकों को हिला दिया. इसके बाद 6.6 तीव्रता का एक और भूकंप आया. लगातार झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कई इमारतें गिर गई. एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया.

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, पहला भूकंप शुक्रवार सुबह आया. इसका केंद्र पनामा के हेरेरा प्रांत में पितालोसा अरिबा नाम की दूरदराज की बस्ती से करीब 10 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था. भूकंप जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे आया. इसकी वजह से आसपास के इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए.

रसोई का सामान गिरा, डरकर घरों से बाहर निकले लोग

भूकंप का असर पनामा की राजधानी पनामा सिटी तक महसूस किया गया. लोग डर के कारण घरों और इमारतों से बाहर निकल आए. कई लोग खुले स्थानों पर खड़े होकर हालात की जानकारी का इंतजार करते रहे.

हेरेरा प्रांत के रहने वाले 60 साल के रोसेंदो डोमिंगेज ने बताया कि झटके बहुत तेज थे. उनके घर की रसोई में रखा सामान गिर गया. उन्होंने कहा कि परिवार सुरक्षित है, लेकिन लोग काफी डरे हुए हैं. उनके मुताबिक, आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए थे.

Advertisement

45 से ज्यादा आफ्टरशॉक दर्ज

पहले भूकंप के बाद पनामा में लगातार आफ्टरशॉक (भूकंप के बाद आने वाले झटके) महसूस किए गए. इनमें 5.8, 5.5 और 5.2 तीव्रता के झटके भी शामिल थे. पनामा विश्वविद्यालय के भूकंप वैज्ञानिकों ने 45 से ज्यादा आफ्टरशॉक दर्ज किए. इनमें से कई झटके इतने कमजोर थे कि लोगों को महसूस नहीं हुए.

यह भी पढ़ें: पनामा झंडे वाले डूबे जहाज का क्या हुआ, 30 घंटे बाद भी 22 यात्रियों का कुछ पता नहीं?

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने पहले भूकंप की तीव्रता 8 बताई थी. बाद में इसे संशोधित करके 7.6 और फिर 7.7 किया गया. भूकंप के झटके पड़ोसी देश कोलंबिया तक महसूस किए गए. लगातार झटकों के बीच लोगों से शांत रहने और सावधानी बरतने की अपील की गई. इमारतों को नुकसान पहुंचने के बाद प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement