पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में खांसी की जहरीली दवा पीने से कम से कम 34 लोगों की मौत हो चुकी है.
खबरों के मुताबिक कम से कम 40 लोगों में विषाक्त दवा के लक्षण हैं और उनका गुजरांवाला शहर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
मरीजों के रिश्तेदारों ने बताया कि प्रभावित लोगों ने 40 रुपये में बिकने वाली खांसी की दवा का सेवन किया था.
ये लोग पीने के कुछ ही समय बाद गम्भीर रूप से बीमार पड़ गए.
अस्पताल प्रशासन ने कहा कि विषाक्त दवा पीने से मरीजों के महत्वपूर्ण आंतरिक अंगों को क्षति पहुंची है.
कुछ लोगों ने नशे के लिए इस दवा का सेवन किया था लेकिन अत्यधिक मात्रा होने के कारण उनकी मौत हो गई.