scorecardresearch
 

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला! आतंकियों ने सेना कैंप में किया धमाका, 15 सैनिकों की मौत

पाकिस्तान के बाजौर में पाकिस्तानी सेना के एक कैंप पर आत्मघाती हमला हुआ जिसमें कम से कम 15 सैनिक शहीद हो गए. तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है. ये हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक हफ्ते में दूसरा आत्मघाती हमला है.

Advertisement
X
धमाके में 15 सैनिकों की मौत हो गई.  (File Photo: ITG)
धमाके में 15 सैनिकों की मौत हो गई. (File Photo: ITG)

पाकिस्तान के बाजौर स्थित पाकिस्तानी सेना के एक कैंप पर बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 15 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हो गई है. इस हमले को बेहद सोची-समझी साजिश बताया जा रहा है.

आतंकियों ने सबसे पहले सेना की सुविधा वाले हिस्से में एक जोरदार धमाका किया. इस धमाके से मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर हथियारों से लैस आतंकवादी कैंप के अंदर घुस गए. इसके बाद वहां काफी देर तक मुठभेड़ भी चली.

आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी ली है. संगठन ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि ये हमला उनकी 'स्पेशल इस्तशहादी फोर्सेज' (SIF) ने किया है.

अक्टूबर 2025 में क्वेटा में हुए हमले के बाद ये पहली बार है जब टीटीपी ने आधिकारिक तौर पर किसी आत्मघाती बम धमाके की जिम्मेदारी ली है. बता दें कि बाजौर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत का हिस्सा है, जो लंबे समय से आतंकवाद से प्रभावित रहा है. इस हमले के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है.

Advertisement

एक हफ्ते में दूसरी बार आत्मघाती हमला

बता दें कि एक हफ्ते में ये खैबर पख्तूनख्वा में दूसरा आत्मघाती हमला है. इससे पहले मंगलवार को भी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ था. सराय नौरंग तहसील के नौरंग बाजार में एक हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ऑटोरिक्शा में धमाका कर दिया. इस हमले में दो पुलिसकर्मियों और एक महिला समेत कई लोगों की मौत हो गई थी. धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानें और गाड़ियां पूरी तरह तबाह हो गई थीं.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले, सुरक्षाकर्मियों समेत 11 की मौत

फरवरी में भी हुआ था आतंकी हमला

फरवरी महीने में भी खैबर पख्तूनख्वा में एक आतंकी हमला हुआ था जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी. इस हमले में 5 पुलिसकर्मी और दो आम नागरिकों ने अपनी जान गंवा दी थी. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement