इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आगामी चुनाव से महज पांच दिन पहले वेस्ट बैंक में नए जवाबी हमलों की तैयारियां शुरू की है. इजरायल में मंगलवार को नए प्रधानमंत्री का चुनाव है. इससे तय होगा कि सत्ता की कमान नेतन्याहू के हाथ में रहेगी या जनता नया नेतृत्व चुनेगी. शुक्रवार को हेब्रॉन के पास हुए आतंकी हमले के बाद उन्होंने सुरक्षा प्रमुखों के साथ बैठक कर हेब्रॉन पर कर्फ्यू और पूरे यहूदिया-सामरिया में लॉकडाउन की तैयारी का आदेश दिया. इजरायली सेना ने दो हमलावरों को मार गिराया, जबकि पांच लोग घायल हुए. यह कदम चुनावी माहौल में सुरक्षा को केंद्र में ला रहा है.
शुक्रवार सुबह वेस्ट बैंक के हेब्रॉन शहर के पास यहूदा जंक्शन के निकट एक आतंकी हमले में इजरायली सुरक्षा बलों ने दो हमलावरों को गोली मारकर मार गिराया है. इजरायली सैन्य बलों (आईडीएफ) के अनुसार दो लड़कों ने हमला शुरू किया था. जिसके जवाब में सैनिकों ने गोलीबारी की.
इस घटना में कम से कम पांच लोग घायल हुए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई गई है. घायलों को इजरायल के अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है.
इमरजेंसी सर्विस ने बताया कि जब वे घटनास्थल पहुंचे तो गोलीबारी जारी थी. दो लोगों को गोली लगे हैं. जबकि एक व्यक्ति बेहोश और गंभीर रूप से घायल है.
हमले के तुरंत बाद इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रक्षा मंत्री, जनरल स्टाफ के प्रमुख, शिन बेट प्रमुख, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख और सेंट्रल कमांड के कमांडर के साथ स्थिति का आकलन किया. नेतन्याहू ने अपने बयान में कहा, "मैंने अपने वीर योद्धाओं की सराहना की है जिन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ काम किया और एक बड़े आतंकी हमले को रोका. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं."
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आईडीएफ और सुरक्षा बलों को निर्देश दिए कि हेब्रॉन शहर पर तुरंत कर्फ्यू लगा दिया जाए और आज से पूरे यहूदिया और सामरिया (वेस्ट बैंक) में पूर्ण लॉकडाउन की तैयारी की जाए.
नेतन्याहू ने चेतावनी दी, "हम हमास आतंकियों और उनके भेजने वालों का हर जगह और हर समय पीछा करेंगे. आपके पास कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है." आईडीएफ ने क्षेत्र में सड़क अवरोध और फिलिस्तीनी कस्बों में क्लोजर लगा दिए हैं.
यह घटना इजरायली राजनीति के महत्वपूर्ण मोड़ पर हुई है. अगले मंगलवार को मतदाता फैसला करेंगे कि बेंजामिन नेतन्याहू को फिर से प्रधानमंत्री का कार्यकाल दिया जाए या इजरायली राजनीति में नए युग की शुरुआत हो.
यह चुनाव हमास के नेतृत्व वाले 7 अक्टूबर के हमलों के तीन साल बाद हो रहा है, जिसके बाद गाजा युद्ध हुआ था.
सुरक्षा बलों का कहना है कि वे आतंकवाद को कुचलने के लिए निरंतर अभियान चला रहे हैं. हेब्रॉन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. घायलों का इलाज जारी है और जांच चल रही है. इजरायली अधिकारी इस घटना को आतंकवाद के खिलाफ अपनी दृढ़ता का प्रतीक बता रहे हैं, जबकि क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.