अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद ईरान ने पलटवार करते हुए खाड़ी देंशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जोरदार हमला किया है, जिससे पूरी मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है. बताया जा रहा है कि कतर के आंतरिक मंत्रालय ने देश में सुरक्षा खतरे का स्तर बढ़ने के बाद रविवार को दोहा समेत पूरे देश के नागरिकों के मोबाइल फोन पर एक आपातकालीन सुरक्षा अलर्ट जारी कर सभी से अपने घरों या सुरक्षित स्थानों के अंदर रहने की अपील की है. खाड़ी क्षेत्र में बढ़े इस गंभीर सुरक्षा संकट के बीच कतर सरकार ने लोगों से सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और बिना किसी जरूरी काम के बाहर न निकलने की अपील की है.
प्राप्ता जानकारी के अनुसार, कतर के आंतरिक मंत्रालय ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि देश में सुरक्षा खतरे का स्तर वर्तमान में बहुत अधिक है. मंत्रालय ने सभी नागरिकों और प्रवासियों से अपील की है कि वह किसी भी तरह की बेवजह आवाजाही से पूरी तरह बचें. सभी को केवल अपने घरों या सुरक्षित जगहों में रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी हवाई खतरे से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. मंत्रालय का कहना है कि ये कदम दोहा में प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा तेज धमाकों की आवाजें सुने जाने और ईरान द्वारा अमेरिकी ठिकानों पर की गई जवाबी कार्रवाई के बाद कुवैत, बहरीन व जॉर्डन में हुए विस्फोटों के बाद उठाया गया है.
हवा में नाकाम कीं ईरान मिसाइल और ड्रोन
इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि यूएई के इलाकों में सुनी गई धमाकों की तेज आवाजें वास्तव में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने की कार्रवाई का परिणाम थीं.
UAE के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश के विभिन्न हिस्सों में ईरान की ओर से दागी गईं बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और आक्रामक ड्रोनों को हवा में ही सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया है.
फार्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी ठिकानों पर ईरानी सेना द्वारा किए गए जवाबी हमलों के बाद खाड़ी के अन्य प्रमुख देशों में भी हड़कंप मच गया है. यूएई और कतर के अलावा कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में भी बड़े धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे खाड़ी क्षेत्र के देश अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और हवाई हमलों का मुकाबला करने में जुटे हैं.