scorecardresearch
 

समंदर में सैकड़ों जहाजों की लाइन, 20 हजार नाविक कर रहे इंतजार; देखें होर्मुज का नया Video

होर्मुज स्ट्रेट युद्ध की शुरुआत से ही लगभग बंद है, जिससे वैश्विक ऊर्जा सप्लाई बाधित हो रही है और तेल की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं. अमेरिका और ईरान के बीच टकराव के कारण होर्मुज में सैकड़ों जहाज फंसे हुए हैं जिन पर सवार नाविक स्ट्रेट के खुलने के इंतजार में हैं.

Advertisement
X
होर्मुज में बहुत से जहाज फंसे हुए हैं (Photo- Reuters)
होर्मुज में बहुत से जहाज फंसे हुए हैं (Photo- Reuters)

वैश्विक ऊर्जा सप्लाई की रीढ़ माना जाने वाला स्ट्रेट ऑफ होर्मुज मार्च की शुरुआत से ही लगभग बंद पड़ा है जिससे दुनियाभर में अफरा-तफरी का माहौल है. तेल और गैस की कीमतें लगातार ऊपर जा रही हैं और देश सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए हाथ-पांव मार रहे हैं. इस बीच होर्मुज से एक वीडियो सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि बहुत से जहाज पानी में एंकर डाले खड़े हैं और वहां से निकलने का इंतजार कर रहे हैं.

वीडियो समाचार एजेंसी एपी ने अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी कंटेनर शिपिंग कंपनी फ्रांस की CMA CGM का एक कंटेनर टैंकर दिख रहा है. वीडियो में आगे दिखता है कि होर्मुज में कई बड़े और छोटे जहाज पानी के बीच खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं.

वीडियो शेयर करते हुए एजेंसी ने लिखा, 'जहाज होर्मुज स्ट्रेट में इंतजार कर रहे हैं, जहां अमेरिका और ईरान के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है. ईरान ने स्ट्रेट से आवाजाही पर पाबंदियां लगा रखी हैं, जबकि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी लागू कर रखी है.'

होर्मुज नाकाबंदी से समंदर में सैकड़ों जहाज फंस गए हैं जिन पर कम से कम 20,000 नाविक सवार हैं. ये नाविक होर्मुज के खुलने का इंतजार कर रहे हैं और सीमित राशन में युद्ध के बीच खुद को जीवित रखने की जद्दोजहद कर रहे हैं.

Advertisement

होर्मुज ब्लॉकेड से बढ़ी कच्चे तेल की कीमतें

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को कच्चे तेल की कीमतों में 1 फीसदी बढ़ोतरी हुई है और पिछले सत्र की तेजी आगे बढ़ी. अमेरिका-ईरान युद्ध खत्म कराने की कोशिशें फिलहाल ठप नजर आ रही हैं और होर्मुज स्ट्रेट भी लगभग बंद है. इससे मध्य पूर्व के प्रमुख उत्पादक क्षेत्र से ऊर्जा सप्लाई वैश्विक खरीदारों तक नहीं पहुंच पा रही है और तेल की कीमतें ऊपर जा रही हैं.

जून डिलीवरी वाले ब्रेंट क्रूड वायदा भाव 1.41 डॉलर यानी 1.3 फीसदी बढ़कर 109.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए. पिछले सत्र में इसमें 2.8 फीसदी तेजी आई थी और यह 7 अप्रैल के बाद सबसे ऊंचे बंद स्तर पर रहा. यह लगातार सातवें दिन बढ़त में है.

जून डिलीवरी वाला अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड 1.27 डॉलर यानी 1.3 फीसदी बढ़कर 97.64 डॉलर प्रति बैरल हो गया. पिछले सत्र में इसमें 2.1 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी.

ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकाबंदी भी जारी

तेल की बढ़ती कीमतों के बीच ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिका की नाकेबंदी जारी है. इस कारण तेल समेत ईरान का कोई भी सामान बाहर नहीं जा पा रहा है और न ही होर्मुज के रास्ते कोई सामान ईरान तक पहुंच पा रहा है. इससे ईरान को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है और उसका तेल वैश्विक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहा है. इस वजह से ईरान के पास भंडारण का गंभीर संकट पैदा हो गया है.

Advertisement

इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा है कि उसके गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर यूएसएस राफेल पेराल्टा ने रविवार को एम/टी स्ट्रीम जहाज ईरान के एक बंदरगाह की तरफ जाने से रोक दिया गया.

सेंटकॉम ने सोशल मीडिया पर पानी में खड़े दो जहाजों की तस्वीर शेयर करते हुए कहा कि यह कार्रवाई 'ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी' का हिस्सा थी.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement