मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी की ओर से हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाए जाने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने पुरी को दोबारा उम्मीदवार बनाने में हुई देरी और अचानक लिए गए फैसले को लेकर बीजेपी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा.
पवन खेड़ा ने कहा, 'जब हरदीप सिंह पुरी का कार्यकाल समाप्त हुआ था, तब उन्हें दोबारा नामित क्यों नहीं किया गया? इतना लंबा अंतराल क्यों रखा गया? आखिर कौन किसे ब्लैकमेल कर रहा है कि अचानक हरदीप पुरी को जल्दबाजी में वहां भेजने का फैसला कर लिया गया?'
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि पूरी सरकार अमेरिका और इजरायल की कठपुतली की तरह काम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विदेशी एजेंटों के हाथों में खेल रही है, जो तस्वीरों के जरिए उन्हें डराते-धमकाते हैं. पवन खेड़ा ने आगे कहा, 'कांग्रेस आरोप लगा रही है और वे इसे बर्दाश्त कर लेंगे, लेकिन अगर इससे भी बड़ा खुलासा सामने आया और उसमें बड़े नाम शामिल हुए, तो वे उसे कैसे बर्दाश्त करेंगे?'