
ईरान के लावन आइलैंड में स्थित एक तेल रिफाइनरी में बड़ा धमाका हुआ है. सीजफायर के बाद ये ईरान में धमाके की पहली घटना है. रिपोर्ट के मुताबिक धमाके की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है. ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने इस घटना की जानकारी दी है. ईरान का लावन द्वीप (Lavan Island) फारस की खाड़ी में स्थित एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण आईलैंड है. इसका क्षेत्रफल 78 वर्ग किमी है, लावन ईरान के प्रमुख कच्चा तेल निर्यात टर्मिनलों में से एक है.
लावन आईलैंड होर्मोजगान प्रांत में स्थित है, जहां से भारी मात्रा में तेल का निर्यात और रिफाइन किया जाता है, साथ ही यह "लावन गैस क्षेत्र" के ऊपर स्थित है. लावन द्वीप पूर्वी फारस की खाड़ी में स्थित है. ये आईलैंड होर्मुज स्ट्रेट से लगभग 450-500 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है.
बता दें कि बुधवार को सुबह ही ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चालीस दिन से चल रहे जंग पर सीजफायर हुआ है. इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर 15 दिनों के लिए हमला न करने पर सहमति जताई है.

मेहर न्यूज की रिपोर्ट में कहा गया है कि "दोनों पक्षों के लिए घोषित संघर्ष-विराम का पालन करना ज़रूरी है, इसलिए ईरान के खिलाफ किसी भी आक्रामकता का जवाब जोरदार तरीके से दिया जाएगा."
मेहर न्यूज एजेंसी ने बताया कि बुधवार सुबह संघर्ष-विराम लागू होने के बाद लावन द्वीप रिफाइनरी में कई धमाके हुए.
मेहर न्यूज ने रिपोर्ट किया, "आज सुबह, संघर्ष-विराम स्थापित होने के बाद, लवान द्वीप रिफाइनरी में कई धमाके हुए। इन धमाकों का स्रोत अभी तक पता नहीं चला है. "
एजेंसी ने धमाकों के पैमाने या कारण के बारे में कोई और विवरण नहीं दिया है. मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार सिरी द्वीप पर भी कई धमाकों की सूचना है. लेकिन इन धमाकों की भी वजहों की जानकारी नहीं है.
नेशनल ईरानी ऑयल रिफाइनिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि आज सुबह बुधवार को लगभग 10 बजे लावन द्वीप पर स्थित लावन ऑयल रिफाइनरी पर दुश्मनों ने हमला कर दिया.
कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित निकाल लिए जाने के कारण अब तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. कंपनी ने कहा कि देश की ईंधन आपूर्ति और डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम पर इस हमले का कोई असर नहीं हुआ है.
इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कुवैत पर भी हमले की खबरें हैं. UAE ने बुधवार दोपहर कहा कि उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली ईरान से आ रही मिसाइलों की बौछार पर जवाबी कार्रवाई कर रही है.
यह घोषणा ईरान, अमेरिका और इज़राइल के बीच युद्ध में दो सप्ताह के संघर्ष-विराम पर सहमति बनने के कुछ घंटों बाद की गई. UAE ने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया कि यह हमला कहां हो रहा था. कुवैत ने कहा है कि उसके आसमान में ड्रोन से हमले हुए हैं.