ईरान और इजरायल के बीच एक बार फिर जंग तेज हो गई है. पाकिस्तान दोनों देशों के बीच मध्यस्थता की भूमिका निभा रहा है. इसी कड़ी में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी रविवार को ईरान पहुंचे थे. इस बीच ही ईरान और इजरायल ने एक-दूसरे पर फिर बमबारी शुरू कर दी.
नकवी ने तेहरान में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की थी. दोनों के बीच मिडिल-ईस्ट तनाव और शांति वार्ता को लेकर चर्चा भी हुई थी. इसके बाद भी जंग आक्रामक होती दिख रही है, जिससे साफ है कि एक बार फिर पाकिस्तान की कोशिशों पर पानी फिर गया है.
इससे पहले भी दो बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी है, जब उसकी ओर से कराई जा रही ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता का नतीजा शून्य रहा.
ट्रंप की मनाही के बावजूद हमले
रविवार को पहले ईरान ने इजरायल पर मिसाइलें दागी थीं. जिसके बाद अब सोमवार को इजरायल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान के कई ठिकानों को निशाना बनाया है. इजरायल ने भूमध्य सागर में तैनात युद्धपोतों से ईरान में ताबड़तोड़ हमले किए हैं.
हैरत की बात ये है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराली प्रधानमंत्री नेतन्याहू को ईरान पर जवाब हमले करने से मना किया था. इसके बावजूद इजरायल ने ईरान पर जोरदार हमले कर दिए हैं.
इजरायली एयरफोर्स ने तेहरान, इस्फहान, तब्रीज और पश्चिमी ईरान के कुछ दूसरे हिस्सों पर हमला किया है. इसके अलावा इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत से भी बमबारी की है. जानकारी के मुताबिक, इजरायल ईरान पर एक और बड़े हमले की तैयारी भी कर रहा है.
यह भी पढ़ें: तेहरान, इस्फहान, करज, तबरीज... इजरायल ने ईरान के किन-किन शहरों पर हमले किए
शहबाज शरीफ का मैसेज लेकर ईरान गए थे नकवी
बता दें कि मोहसिन नकवी पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ का मैसेज लेकर तेहरान पहुंचे थे. उनका ये मैसेज ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के नाम था. हालांकि इस संदेश में क्या लिखा था, इसका खुलासा नहीं किया गया है.