scorecardresearch
 

PPE किट के पैसों से घर का रेनोवेशन, विदेश यात्राएं... ब्रिटेन में भारतीय कपल को जेल

ब्रिटेन ने भारतीय दंपति जोगेश भंडारी और मीनाक्षी भंडारी को जेल की सजा सुनाई है. कपल ने कोरोना महामारी के दौरान PPE किट और नाइट्राइल दस्तानों की सप्लाई के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की थी. ब्रिटिश अदालत ने जोगेश को आठ साल की जेल और मीनाक्षी को दो साल की निलंबित सजा सुनाई है.

Advertisement
X
भारतीय दंपति ने करोड़ों की धोखाधड़ी की. (सांकेतिक तस्वीर)
भारतीय दंपति ने करोड़ों की धोखाधड़ी की. (सांकेतिक तस्वीर)

भारतीय मूल के पति-पत्नी को ब्रिटेन में जेल की सजा सुनाई गई है. उनपर आरोप है कि कोरोना महामारी में उन्होंने पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (PPE) किट और नाइट्राइल दस्तानों की सप्लाई के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की.

लेस्टर क्राउन कोर्ट में पांच सप्ताह तक चली सुनवाई के बाद जोगेश भंडारी (59) और उनकी पत्नी मीनाक्षी (58) भंडारी को धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का दोषी पाया गया. जोगेश भंडारी इससे पहले स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अदालत में पेश नहीं हुए थे, जिसके बाद जज ने उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए थे. 

अदालत ने जोगेश भंडारी को आठ साल की जेल की सजा सुनाई है. वहीं, उनकी पत्नी मीनाक्षी को दो साल की निलंबित सजा और 250 घंटे का अनपेड कम्युनिटी वर्क सौंपा गया है. इस धोखाधड़ी में कपल की कंपनी की ओर से झूठे दावे करने वाले क्रेग मॉरिस को भी तीन साल नौ महीने की सजा सुनाई गई है.

अस्पतालों को नहीं मिले दस्ताने, जालसाज खरीदते रहे पोर्श और रोलेक्स

ब्रिटेन की नेशनल क्राइम एजेंसी (NCA) की जांच में खुलासा हुआ कि इस गिरोह ने महामारी के समय अमेरिकी अस्पतालों को सप्लाई करने के नाम पर लाखों डॉलर ऐंठ लिए. 2021 की शुरुआत में जोगेश भंडारी की कंपनी को अमेरिकी अस्पतालों में नाइट्राइल ग्लव्स भेजने के लिए 31.8 लाख डॉलर से ज्यादा का भुगतान किया गया था, लेकिन दस्ताने कभी डिलीवर नहीं किए गए.

Advertisement

इसके बाद भंडारी ने खुद को PPE इंडस्ट्री का बड़ा खिलाड़ी बताकर 1.8 अरब डॉलर का फर्जी सौदा किया था. इसके बाद 13.5 लाख डॉलर सीधे अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर करवा लिए.

NCA के ऑपरेशंस मैनेजर पॉल बोनिफेस ने कहा, 'जब दुनिया महामारी से जूझ रही थी और स्वास्थ्य सुविधाओं को पीपीई किट की सख्त जरूरत थी, तब ये आरोपी अपनी जेबें भर रहे थे. जब अस्पतालों को जरूरी सामान नहीं मिला, तब भंडारी अपनी नई लग्जरी कार की डिलीवरी ले रहा था और अपनी खुशी बयां कर रहा था.'

फर्जीवाड़े की रकम से घर का रेनोवेशन और विदेश यात्राएं

जांच एजेंसी के मुताबिक, कपल ने धोखाधड़ी से मिले पैसों का इस्तेमाल PPE किट खरीदने के बजाय अपनी ऐशो-आराम की जिंदगी पर किया. बैंक रिकॉर्ड से पता चला है कि उन्होंने इन पैसों से ब्रांड न्यू पोर्श, ऑडी ए5, लैंड रोवर डिस्कवरी और वीडब्ल्यू गोल्फ जैसी महंगी गाड़ियां खरीदीं.

यह भी पढ़ें: 'चीन की वुहान लैब से निकला था कोरोना वायरस', ट्रंप ने फिर किया दावा

इसके अलावा रोलेक्स घड़ियां, महंगे जेवर, घर के किचन का रेनोवेशन और विदेशों में लग्जरी हॉलिडे पैकेज पर लाखों पाउंड उड़ाए गए. NCA ने बताया है कि अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे जालसाजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement