scorecardresearch
 

अमेरिकी सांसद पर कई महिलाओं से रेप के आरोप से हड़कंप, बोले- माना मैं संत नहीं हूं...

अमेरिका के कैलिफोर्निया में गवर्नर रेस में शामिल एरिक स्वालवेल पर कई महिलाओं ने यौन दुराचार के गंभीर आरोप लगाए हैं. एक पूर्व स्टाफर ने नशे की हालत में दुष्कर्म का आरोप लगाया, जबकि अन्य महिलाओं ने भी अलग-अलग घटनाएं बताईं. स्वालवेल ने सभी आरोपों को झूठा बताया है. मामले के बाद डेमोक्रेट नेताओं, जैसे नैन्सी पेलोसी, ने उनसे चुनाव छोड़ने की मांग की है, जिससे उनकी चुनावी मुहिम संकट में है.

Advertisement
X
एक महिला ने जबरदस्ती छूने का आरोप लगाया. Photo Reuters
एक महिला ने जबरदस्ती छूने का आरोप लगाया. Photo Reuters

अमेरिका के कैलिफोर्निया में गवर्नर पद की दौड़ में शामिल डेमोक्रेट नेता एरिक स्वालवेल गंभीर आरोपों में घिर गए हैं. कई महिलाओं ने उन पर यौन दुराचार के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद उनकी चुनावी मुहिम पर संकट गहराता नजर आ रहा है. हालांकि, स्वालवेल ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है एक पूर्व स्टाफर ने मीडिया चैनल सीएनएन को बताया कि वर्ष 2024 में स्वालवेल ने उसके साथ उस समय दुष्कर्म किया जब वह नशे की हालत में थी. महिला ने आरोप लगाया कि उसने विरोध किया, लेकिन स्वालवेल नहीं रुके. इसके अलावा उसने 2019 की एक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें कथित तौर पर बिना सहमति के शारीरिक संबंध बनाए गए.

तीन अन्य महिलाओं ने भी स्वालवेल पर अलग-अलग तरह के यौन दुराचार के आरोप लगाए हैं. इनमें एक महिला ने बार में बिना अनुमति के किस करने और छूने का आरोप लगाया, जबकि दूसरी महिला ने आपत्तिजनक मैसेज भेजने की बात कही.

स्वालवेल ने आरोपों को बताया झूठा
45 वर्षीय सांसद स्वालवेल ने सभी आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कहा मैं कोई संत नहीं हूं. उनका कहना है कि ये आरोप उनके चुनाव अभियान के दौरान सामने आए हैं, जिससे इनके समय पर सवाल उठता है. उन्होंने अपने बयान में कहा कि उन्होंने करीब 20 वर्षों तक जनता की सेवा की है और हमेशा महिलाओं की सुरक्षा के लिए काम किया है. एक वीडियो मैसेज में उन्होंने अपनी पत्नी से माफी भी मांगी, लेकिन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वे तथ्यों के साथ अपना बचाव करेंगे. 

Advertisement

वकील ने भी किया बचाव
स्वालवेल के वकील ने स्पष्ट किया कि उनके मुवक्किल का अपने किसी स्टाफ सदस्य के साथ कभी भी यौन संबंध नहीं रहा. उनकी कानूनी टीम ने आरोप लगाने वाली महिलाओं को नोटिस भेजकर उनके दावों को 'झूठा' बताते हुए वापस लेने की मांग की है, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है.

डेमोक्रेट नेताओं का दबाव, इस्तीफे की मांग
इस बीच, डेमोक्रेट पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने स्वालवेल से चुनावी दौड़ से हटने की मांग की है. कैलिफोर्निया की लेफ्टिनेंट गवर्नर एलेनी कूनालाकिस और पूर्व स्पीकर नैन्सी पेलोसी ने सार्वजनिक रूप से उनसे रेस छोड़ने को कहा है.

वहीं, उनके चुनाव अभियान से जुड़े कई लोगों ने भी इस्तीफा दे दिया है. कांग्रेस सदस्य जिमी गोमेज ने अभियान समिति प्रमुख पद से इस्तीफा देते हुए कहा कि वह इस स्थिति में अपनी भूमिका जारी नहीं रख सकते और स्वालवेल को तुरंत रेस छोड़ देनी चाहिए. हालांकि, वर्तमान गवर्नर गैविन न्यूसम ने इन आरोपों को 'चिंताजनक' जरूर बताया, लेकिन उन्होंने स्वालवेल से चुनाव छोड़ने की सीधी अपील नहीं की है.

मामले के सामने आने के बाद कैलिफोर्निया की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस विवाद का असर चुनावी समीकरणों पर पड़ सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement