अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की खुलकर तारीफ की है. ट्रंप ने दोनों नेताओं के बीच तालमेल की सराहना करते हुए आसिम मुनीर को "शानदार" और "बेहतरीन नेता" बताया. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसा की और उन्हें एक महान नेता करार दिया.
Axios को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान में राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के बीच अच्छा समन्वय देखने को मिलता है. उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में फील्ड मार्शल हैं, जो शानदार हैं. वहां प्रधानमंत्री भी हैं और दोनों एक-दूसरे के साथ बेहतरीन तरीके से काम करते हैं. सेना प्रमुख प्रधानमंत्री का पूरा सम्मान करते हैं. यह देखना बहुत अच्छी बात है."
यह भी पढ़ें: दोस्ती के नाम पर धोखा? ट्रंप का 'G2' अलायंस क्या भारत के लिए खतरे की घंटी है
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान में सेना और राजनीतिक नेतृत्व के रिश्तों को लेकर लगातार चर्चा होती रही है. ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी खास महत्व रखती है. कई बार देखा गया है कि कुछ अहम फैसलों को लेकर आसिम मुनीर की भूमिका ज्यादा होती है. इनके अलावा आमतौर पर अहम विदेश यात्राओं पर भी आसिम मुनीर शहबाज के साथ ट्रैवल करते हैं.
ईरान समझौते में पाकिस्तान की भूमिका का जिक्र
राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान और अमेरिका के बीच चल रही शांति प्रक्रिया में पाकिस्तान की भूमिका की भी सराहना की. उनके मुताबिक, इस कूटनीतिक पहल को आगे बढ़ाने में पाकिस्तान ने अहम योगदान दिया. उन्होंने कहा, "उन्होंने (शहबाज-मुनीर) ने वास्तव में इस डील में हमारी मदद की. वे ईरानियों को जानते थे और वहां के लोगों को समझते थे." ट्रंप के इस बयान को क्षेत्रीय कूटनीति में पाकिस्तान की भूमिका को सार्वजनिक तौर पर मिली एक बड़ी मान्यता के रूप में देखा जा रहा है.
प्रधानमंत्री मोदी की भी जमकर तारीफ
इंटरव्यू के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर भी सकारात्मक टिप्पणी की. उन्होंने कहा, "मोदी बहुत अच्छे हैं. वह युद्धों से दूर रहते हैं और यह समझदारी की बात है. भारत की आबादी बहुत बड़ी है. मोदी एक महान नेता हैं." ट्रंप पहले भी कई मौकों पर मोदी की नेतृत्व क्षमता और भारत की वैश्विक भूमिका की प्रशंसा कर चुके हैं.
यह भी पढ़ें: ट्रंप-नेतन्याहू में अब खुली जंग! ईरान संग डील होते ही क्योें लड़ पड़े दो 'कट्टर दोस्त'
व्यापार पर फिर दोहराई पुरानी शिकायत
हालांकि, मोदी की तारीफ के साथ ट्रंप ने भारत के साथ व्यापारिक संबंधों को लेकर अपनी पुरानी शिकायत भी दोहराई. उन्होंने कहा, "हम भारत के साथ बहुत कारोबार करते हैं, लेकिन अब निष्पक्ष कारोबार करते हैं. पहले वे हमें काफी नुकसान पहुंचाते थे. इसके लिए मैं भारत को दोष नहीं देता. उस समय हमारे पास ऐसे राजनेता थे जिन्होंने ऐसा होने दिया."
ट्रंप ने आगे कहा कि अब व्यापारिक संबंध अधिक संतुलित हो गए हैं, हालांकि उनके मुताबिक भारत को पहले की तुलना में कम लाभ मिल रहा है. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं. हाल ही में फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप और मोदी की मुलाकात हुई थी. दोनों नेताओं ने व्यापार, रणनीतिक सहयोग और वैश्विक मुद्दों समेत कई विषयों पर चर्चा की थी.