अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि मैं अगले हफ़्ते ही यूरोपीय संघ से आयात होने वाली कारों और ट्रकों पर टैरिफ बढ़ाकर 25% करने की योजना बना रहे हैं. उन्होंने इस गुट पर पहले से तय व्यापार समझौते का पालन न करने का आरोप लगाया. ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी प्लांट में असेंबल किए गए वाहनों पर ये बढ़ी हुई ड्यूटी लागू नहीं होगी.
सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने इस कदम को एक सुधारात्मक उपाय और निर्माताओं के लिए अमेरिका में उत्पादन बढ़ाने का एक प्रोत्साहन, दोनों के रूप में पेश किया है.
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मुझे यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि अगले हफ़्ते मैं अमेरिका में आने वाली कारों और ट्रकों पर यूरोपीय संघ से लिए जाने वाले टैरिफ को बढ़ा दूंगा, टैरिफ बढ़ाकर 25% कर दिया जाएगा. क्योंकि यूरोपीय संघ हमारे पूरी तरह से सहमत व्यापार समझौते का पालन नहीं कर रहा है." उन्होंने आगे कहा कि अगर वे अमेरिका के प्लांट में कारों और ट्रकों का प्रोडक्शन करते हैं, तो उन पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा.
क्यूबा पर भी नए प्रतिबंध!
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत क्यूबा सरकार पर नए प्रतिबंध लगाए गए हैं. यह कार्यकारी आदेश क्यूबा के खिलाफ अमेरिका के मौजूदा प्रतिबंधों का दायरा बढ़ाता है. इसके साथ ही क्यूबा के सुरक्षा तंत्र को समर्थन देने, सरकारी भ्रष्टाचार में संलिप्तता या मानवाधिकारों के उल्लंघन के मामलों में नए प्रतिबंध लगाता है.
ट्रंप के आदेश में क्यूबा पर ईरान के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए रखने और हिज़्बुल्लाह जैसे उग्रवादी समूहों को सुरक्षित पनाहगाह मुहैया कराने का आरोप लगाया गया है.