अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जंग को आगे बढ़ने से रोकने में बड़ी भूमिका अदा की है. उनका कहना है कि अमरीका के कूटनीतिक दबाव और टैरिफ की चेतावनी की वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला परमाणु युद्ध टल गया था.
कैंप डेविड में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि टैरिफ के डर ने पिछले साल भारत-पाकिस्तान संघर्ष समेत आठ में से पांच युद्धों को भी रोक दिया. उन्होंने कहा, 'टैरिफ की धमकी से ही भारत और पाकिस्तान को परमाणु युद्ध में जाने से रोका.'
ट्रंप ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा, 'हमने भारत-पाकिस्तान युद्ध को खत्म कराया. उस दौरान 11 विमान गिराए गए थे और स्थिति बेहद गंभीर थी. मैंने टैरिफ का इस्तेमाल किया और कहा कि अगर आप युद्ध में जाते हैं, तो 250 प्रतिशत का टैरिफ लगाया जाएगा. इस पर दोनों देश बेहद नाराज हुए, लेकिन अगले ही दिन उन्होंने फोन करके कहा कि वो युद्ध नहीं करेंगे.'
भारत का रुख: किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं
हालांकि, भारत सरकार ने हमेशा से राष्ट्रपति ट्रंप की वजह से जंग टालने के दावे को सिरे से खारिज किया है. भारत के मुताबिक पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाइयों को रोकने और शांति कायम करने में किसी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं थी.
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर में राफेल गिरने का दावा किया, चाइनीज जेट की तारीफ की, अब जासूसी करते अरेस्ट पूर्व फ्रेंच पायलट
ऑपरेशन सिंदूर के बारे में
बता दें कि अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 नागरिकों की मौत हो गई थी. इसके जवाब में भारत ने पिछले साल 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था. इसके तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच चार दिनों तक वार-पलटवार जारी रहा था.