चीन में भीषण बाढ़ से भारी तबाही मची है. इस आपदा में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 331 लोग घायल हुए हैं. बाढ़ के कारण एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, पानी के तेज बहाव में एक स्नेक फार्म ढह गया और वहां से करीब 900 सांप बाहर निकलकर आसपास के इलाकों में फैल गए, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया.
सोमवार रात से चीन के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. हालात की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए.
रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने घायलों के इलाज, राहत कार्यों में तेजी लाने और लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया. साथ ही उन्होंने निगरानी व्यवस्था, समय रहते चेतावनी जारी करने और आपदा से निपटने की तैयारियों को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए.
बता दें कि सांपों के भागने की घटना हेंगझोउ में हुई, जहां सोमवार रात बारिश और बाढ़ के कारण एक स्नेक फार्म ढह गया. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग कमर तक पानी में उतरकर बांस की लाठियों से सांपों को पकड़ने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं.
स्थानीय गांव के अधिकारी वू झी ने बताया कि अधिकांश सांप जहरीले नहीं हैं. उन्हें पकड़ने के लिए 10 सदस्यीय विशेष टीम बनाई गई है, जो मछली पकड़ने वाले जाल और स्टनगन की मदद से सांपों को पकड़ रही है. उन्होंने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि यदि उनके घरों में सांप दिखाई दें तो उन्हें हाथ से पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें.
केंद्रीय अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के कारण देशभर की 62 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं. गुआंग्शी क्षेत्र की किंगशुई नदी में अब तक के निगरानी इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ दर्ज की गई है.
सोमवार रात हुबेई प्रांत के पूर्वी हिस्से में आए बवंडर, तेज आंधी और भीषण तूफान ने भी भारी तबाही मचाई. प्रांतीय आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, इन घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति लापता है. खराब मौसम से कम से कम 331 लोग घायल हुए हैं. तीन समुदायों से 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. तूफान में 22 इमारतें पूरी तरह नष्ट हो गईं, जबकि 4,855 अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा.
दक्षिणी चीन के गुआंग्शी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र की राजधानी नाननिंग में रिकॉर्ड तोड़ बारिश और उसके बाद आई बाढ़ में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग लापता हैं. अधिकारियों के अनुसार, इस आपदा से 93,300 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 54,460 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
जल विज्ञान केंद्र ने चेतावनी दी है कि अगले 24 घंटों तक कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर रहेगा. अधिकारियों का कहना है कि यह भीषण बारिश और बाढ़ टाइफून मेयसाक के प्रभाव के कारण आई है. इस बीच उत्तर-पश्चिमी चीन के गांसू प्रांत के लोंगनान शहर के तानचांग काउंटी स्थित एक कस्बे में मंगलवार तड़के भूस्खलन हो गया. इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई.
भूस्खलन के दौरान 33 लोग मलबे में दब गए थे. बचाव दल ने अब तक 21 लोगों को बाहर निकाल लिया है, लेकिन उनमें से पांच लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मलबे में फंसे अन्य 12 लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान लगातार जारी है.