scorecardresearch
 

कनाडा में 850 से ज्यादा Wildfire, अमेरिका तक पहुंचा धुआं, हज़ारों घर तबाह

कनाडा में इस साल वाइल्डफायर ने बड़े संकट का रूप ले लिया है. आग की लपटों से उत्तरी इलाकों में तबाही मची है और हजारों लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा है. जंगलों का धुआं अब अमेरिका के कई राज्यों तक पहुंच चुका है.

Advertisement
X
कनाडा में जंगलों की आग का कहर
कनाडा में जंगलों की आग का कहर

कनाडा इस समय जंगलों की भीषण आग (Wildfire) से जूझ रहा है. देशभर में 850 से ज्यादा जगहों पर आग सक्रिय है, जिसने कई इलाकों में तबाही मचा दी है. खासकर नॉर्दर्न ओंटारियो में तेजी से फैलती आग के कारण लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है. आग का धुआं कनाडा की सीमाएं पार कर अमेरिका तक पहुंच गया है, जिससे कई अमेरिकी राज्यों में भी हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है.

कनाडा में 858 सक्रिय जंगलों की आग, लाखों हेक्टेयर जमीन प्रभावित

कनाडाई वाइल्डलैंड फायर इंफॉर्मेशन सिस्टम के मुताबिक, गुरुवार तक देशभर में 858 सक्रिय जंगलों की आग दर्ज की गई हैं. इनमें से 111 आग अभी भी नियंत्रण से बाहर हैं, जबकि कई इलाकों में आग पर काबू पाने के लिए बड़े पैमाने पर फायरफाइटर्स और हवाई संसाधनों को लगाया गया है. इन आग से करीब 9 लाख हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र प्रभावित हो चुका है. अधिकारियों का कहना है कि गर्म और शुष्क मौसम के कारण कई इलाकों में आग तेजी से फैल रही है.

नॉर्दर्न ओंटारियो में सबसे ज्यादा संकट

ओंटारियो में इस समय 180 सक्रिय वाइल्डफायर जल रही हैं. इनमें से ज्यादातर आग प्रांत के उत्तरी हिस्सों में हैं. नॉर्थवेस्ट ओंटारियो में 136 आग सक्रिय हैं, जिनमें कई को नियंत्रण से बाहर बताया गया है. वहीं नॉर्थईस्ट क्षेत्र में भी दर्जनों आग लगातार फैल रही हैं.

Advertisement

आर्मस्ट्रॉन्ग, Lac La Croix First Nation, Whitesand First Nation, Gull Bay First Nation और Lac des Mille Lacs First Nation जैसे समुदायों को खाली कराने के आदेश दिए गए हैं. कई परिवारों को अचानक अपना घर छोड़ सुरक्षित इलाकों में जाना पड़ा.

आर्मस्ट्रॉन्ग के लोगों ने बताया डरावना अनुभव

आर्मस्ट्रॉन्ग की रहने वाली डायने लेबोर्न ने बताया कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसी स्थिति कभी नहीं देखी. आग के कारण उन्हें रात में अपना घर छोड़कर थंडर बे जाना पड़ा. उन्होंने बताया कि इलाके में धुआं इतना ज्यादा था कि सांस लेना मुश्किल हो रहा था. उन्होंने कहा कि हवा में धुआं इतना घना था कि बाहर निकलना भी मुश्किल लग रहा था. थंडर बे में भी Environment Canada ने एयर क्वालिटी अलर्ट जारी किया है और लोगों को खराब हवा से बचने की सलाह दी गई है.

आग ने मचाई तबाही

ओंटारियो के Namaygoosisagagun First Nation (Collins First Nation) में तेज रफ्तार से फैली आग ने भारी नुकसान पहुंचाया है. अधिकारियों के मुताबिक, आग से कई घर और सामुदायिक इमारतें नष्ट हो गईं. कई लोगों को बिना सामान लिए ही अपना घर छोड़कर भागना पड़ा.

समुदाय की प्रमुख हेलन पाओवोला ने बताया कि कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए नावों से इलाके से बाहर निकले. उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाना और उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराना है.

Advertisement

टोरंटो समेत कई शहरों की हवा खराब

जंगलों की आग से उठ रहा धुआं दक्षिणी ओंटारियो तक पहुंच गया है. इसका असर टोरंटो और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है. एयर क्वालिटी इंडेक्स के मुताबिक, टोरंटो दुनिया के सबसे खराब हवा वाले शहरों में शामिल हो गया है.

Environment Canada ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि खराब हवा का असर हर उम्र के लोगों पर पड़ सकता है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर. धुएं के कारण कई जगहों पर आउटडोर गतिविधियां और कार्यक्रम भी प्रभावित हुए हैं.

अमेरिका तक पहुंचा कनाडाई जंगलों का धुआं

कनाडा की आग का असर अब अमेरिका के कई हिस्सों में भी दिख रहा है. मिशिगन, विस्कॉन्सिन, न्यूयॉर्क और पेंसिल्वेनिया जैसे राज्यों में धुएं के कारण आसमान में धुंध छाई हुई है और एयर क्वालिटी खराब हुई है. अमेरिकी अधिकारियों ने भी लोगों को खराब हवा से बचने की सलाह दी है.

आग बुझाने के संसाधनों पर उठे सवाल

ओंटारियो में जंगलों की आग से निपटने के लिए सरकार की तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं. ग्रीन पार्टी नेता माइक श्राइनर ने कहा कि हर साल वाइल्डलैंड फायरफाइटिंग बजट में कटौती चिंता का विषय है और सरकार को ज्यादा संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए. वहीं ओंटारियो सरकार का कहना है कि उसने इमरजेंसी फायर मैनेजमेंट पर बड़े स्तर पर निवेश किया है और नए फायर कर्मचारियों की भर्ती की गई है. सरकार ने कहा कि फायरफाइटर्स की सुरक्षा, आधुनिक उपकरण और हवाई सहायता बढ़ाने पर काम किया जा रहा है.

Advertisement

रोड बंद, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

आग के खतरे को देखते हुए ओंटारियो के कई इलाकों में Restricted Fire Zones लागू किए गए हैं. कुछ हाईवे बंद किए गए हैं और लोगों को खुले में आग जलाने पर रोक लगाई गई है. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति के आधार पर आग की स्थिति और गंभीर हो सकती है. कनाडा में जारी यह वाइल्डफायर संकट न सिर्फ स्थानीय समुदायों बल्कि पूरे उत्तरी अमेरिका की हवा और पर्यावरण पर असर डाल रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement