मध्य दिल्ली और उसके आसपास आवाजाही करने वाले यात्रियों और दफ्तर जाने वालों के लिए दिल्ली मेट्रो जल्द ही बड़ी खुशखबरी देने जा रही है. मजेंटा लाइन एक्सटेंशन प्रोजेक्ट के तहत सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और नई दिल्ली स्टेशन ट्रिपल इंटरचेंज हब बनने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के एक अधिकारी ने बताया कि ये दोनों नए कनेक्शन पूरी तरह अंडरग्राउंड होंगे. इससे यात्री एक ही स्टेशन पर तीन अलग-अलग मेट्रो लाइनों के बीच आसानी से सफर बदल सकेंगे.
इन नए लिंक से मध्य दिल्ली में स्थित सरकारी दफ्तरों, व्यावसायिक केंद्रों और दूसरी जगहों तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा.
सेंट्रल विस्टा से होकर गुजरने वाले रामकृष्ण आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर को फेज V-A के तहत मंजूरी दी गई है. वहीं, इंद्रप्रस्थ-इंदरलोक कॉरिडोर, जिसे मूल रूप से फेज IV के तहत प्लान किया गया था, अब मजेंटा लाइन के विस्तार के रूप में लागू किया जाएगा.
किन लाइनों से जुड़ेंगे स्टेशन?
89 किमी लंबा होगा नेटवर्क, ड्राइवरलेस ट्रेनें चलेंगी
पूरी तरह शुरू होने के बाद मजेंटा लाइन बॉटनिकल गार्डन से इंदरलोक के बीच लगभग 89 किलोमीटर लंबी हो जाएगी, जो दिल्ली मेट्रो का सबसे लंबा कॉरिडोर होगा. इस लाइन पर 65 स्टेशन होंगे, जिनमें 40 अंडरग्राउंड होंगे. ये पूरा कॉरिडोर पूरी तरह से ड्राइवरलेस ट्रेनों से संचालित होगा.
इस विस्तारित कॉरिडोर में कुल 21 इंटरचेंज स्टेशन होंगे. फिलहाल सिर्फ चार (कालकाजी मंदिर, बॉटनिकल गार्डन, जनकपुरी पश्चिम और हौज खास) चालू हैं. फेज IV और फेज V-A के तहत 17 नए इंटरचेंज स्टेशन जुड़ेंगे, जिनमें कालिंदी कुंज, चिराग दिल्ली, आईजीआई एयरपोर्ट का टर्मिनल 1, पीरागढ़ी, पीतमपुरा, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, आजादपुर, पुलबंगश, नबी करीम, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, इंद्रप्रस्थ, दिल्ली गेट, नई दिल्ली और इंदरलोक शामिल हैं.
हैदरपुर बादली मोड़ होगा सबसे ऊंचा एलिवेटेड स्टेशन
इस नेटवर्क में दिल्ली मेट्रो की दो बड़ी इंजीनियरिंग उपलब्धियां शामिल हैं. हैदरपुर बादली मोड़ सबसे ऊंचा एलिवेटेड स्टेशन होगा, जिसके एक पिलर की ऊंचाई रेल-लेवल से लगभग 28.36 मीटर है. वहीं हौज खास लगभग 29 मीटर की गहराई के साथ सबसे गहरा अंडरग्राउंड स्टेशन है.
यह भी पढ़ें: DMRC : दिल्ली मेट्रो में नौकरी का मौका, 2 लाख रुपये महीने की मिलेगी सैलरी
फिलहाल DMRC दिल्ली-एनसीआर में 12 लाइनों पर 303 स्टेशनों के साथ करीब 416 किमी का नेटवर्क संचालित कर रहा है. राजधानी और आसपास के इलाकों में कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए इसका लगातार विस्तार किया जा रहा है.