जिनेवा स्थित विश्व आर्थिक मंच (WEF) के अध्यक्ष और सीईओ बोर्गे ब्रेंडे ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. यह फैसला उन खुलासों के बाद आया है जिनमें अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के साथ उनके व्यापारिक और निजी संपर्कों की बात सामने आई थी. हालांकि ब्रेंडे ने अपने आधिकारिक बयान में एपस्टीन का जिक्र नहीं किया, लेकिन बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि इन विवादों के कारण मंच के काम से ध्यान भटक रहा था.
ब्रेंडे के इस्तीफे के बाद डब्ल्यूईएफ के प्रबंध निदेशक एलोइस ज़्विंगगी अंतरिम अध्यक्ष और सीईओ के रूप में कार्यभार संभालेंगे. ट्रस्टी बोर्ड स्थायी उत्तराधिकारी की नियुक्ति की प्रक्रिया की निगरानी करेगा.
ब्रेंडे, जो 2017 से डब्ल्यूईएफ के प्रमुख थे, ने बयान जारी कर कहा कि करीब साढ़े आठ वर्षों का उनका कार्यकाल बेहद संतोषजनक रहा, लेकिन वह नहीं चाहते कि यह विवाद संगठन के कामकाज पर असर डाले. अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में खुलासा हुआ था कि ब्रेंडे ने एपस्टीन के साथ तीन व्यावसायिक डिनर किए थे और ईमेल व टेक्स्ट संदेशों के जरिए संपर्क में रहे थे.
ब्रेंडे ने नॉर्वे के मीडिया से कहा कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि उन्होंने इन मुलाकातों और संवाद को लेकर पर्याप्त पारदर्शिता नहीं बरती. हालांकि, उन्होंने पहले कहा था कि 2018 में पहली मुलाकात के समय उन्हें एपस्टीन के आपराधिक अतीत की जानकारी नहीं थी.
क्या हैं आरोप?
अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) द्वारा जारी दस्तावेजों से पता चला है कि नॉर्वे के पूर्व विदेश मंत्री बोर्गे ब्रेंडे ने जेफरी एपस्टीन के साथ तीन बिजनेस डिनर किए थे. ईमेल और टेक्स्ट मैसेज के जरिए लगातार संपर्क में थे. साल 2018-19 के संदेशों में ब्रेंडे ने एपस्टीन को एक शानदार मेजबान बताया था और एक संदेश में 'मिसिंग यू सर' भी लिखा था. इन दोनों के बीच आखिरी बातचीत एपस्टीन की 2019 में हुई गिरफ्तारी से ठीक एक हफ्ते पहले हुई थी.
WEF द्वारा गठित एक स्वतंत्र जांच समिति ने ब्रेंडे और एपस्टीन के संबंधों की समीक्षा की. समिति (जिसमें ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक भी शामिल थे) ने निष्कर्ष निकाला कि पहले से ज्ञात तथ्यों के अलावा कोई अन्य चिंताजनक बात सामने नहीं आई है. डब्ल्यूईएफ के सह-अध्यक्ष आंद्रे हॉफमैन और लैरी फिंक ने कहा कि बाहरी वकीलों द्वारा की गई स्वतंत्र समीक्षा में पहले से सार्वजनिक तथ्यों के अलावा कोई नई चिंता सामने नहीं आई.