ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई का अंतिम संस्कार जारी है. ऐसे में खामेनेई के तीन बेटे अपने पिता और परिवार के चार सदस्यों को आखिरी विदाई देने पहुंचे. लेकिन इस दौरान उनके चौथे बेटे और ईरान के मौजूदा सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कहीं नजर नहीं आए.
अयातुल्लाह अली खामेनेई का पार्थिव शरीर तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है. इस दौरान उनके तीन बेटे उनके जनाजे के पास दुआ करते नजर आए.
ईरान के सरकारी टेलीविजन पर मुस्तफा, मीसम और मसूद खामेनेई को दुआ करते हुए दिखाया गया. वो 'इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला' के खुले मैदान में रखे ताबूतों के पीछे खड़े होकर दुआ पढ़ते और आंसू पोंछते भी दिखाई दिए.
युद्ध में मारे गए थे परिवार के कई सदस्य
बता दें कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त रूप से हमला कर दिया था. इन हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्य मारे गए थे. इन हमलों में खामेनई समेत उनकी बेटी, दामाद, बहू और पोती की मौत हो गई थी. अब 4 महीने बाद उनको सुपुर्द-ए-खाक किया जा रहा है.
एक हफ्ते तक चलेगा अंतिम संस्कार
ईरान सरकार खामेनेई के लिए एक हफ्ते लंबे जनाजे के कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है. इसके तहत उनके पार्थिव शरीर को पड़ोसी देश इराक में स्थित शियाओं के पवित्र धार्मिक स्थलों पर भी ले जाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: आंसुओं में डूबा ईरान... पूर्व सुप्रीम लीडर खामेनेई की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, देखें तस्वीरें
इससे पहले, शनिवार को वरिष्ठ ईरानी नेताओं और विदेशी अधिकारियों के दर्शन के लिए खामेनेई के पार्थिव शरीर को एक इमारत के भीतर रखा गया था. इसके बाद शनिवार को उनके ताबूत को कांच के घेरे में खुले मैदान में प्रदर्शित किया गया. उनके साथ उनकी बेटी, दामाद, बहू और 14 महीने की पोती के ताबूत भी रखे गए हैं.