ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में पुलिस ने एक संगठित अपराध नेटवर्क से जुड़े शख्स को नाबालिग बच्ची को बहलाने-फुसलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 39 साल के मुस्तफा अलामेद्दीन के रूप में हुई है, जो पश्चिमी सिडनी के मेरीलैंड्स इलाके का रहने वाला है.
पुलिस के मुताबिक, वह कुख्यात अलामेद्दीन क्राइम नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. उस पर आरोप है कि उसने ऑनलाइन एक 14 साल की लड़की से बातचीत की और उसे बहलाने-फुसलाने की कोशिश की.
पुलिस के अनुसार, 1 मई को अंतरराज्यीय पुलिस अधिकारियों ने एक किशोरी की पहचान अपनाकर ऑनलाइन एक प्लेटफॉर्म पर आरोपी से बातचीत शुरू की थी.
जांच में सामने आया कि आरोपी ने इस दौरान आपत्तिजनक बातचीत की और अश्लील तस्वीरें भी भेजीं. यह मामला सामने आने के बाद जांच स्टेट क्राइम कमांड की रैप्टर स्क्वॉड को सौंप दी गई.
रैप्टर स्क्वॉड ने मामले की गहराई से जांच शुरू की. इसी जांच के आधार पर बुधवार 8 जुलाई की सुबह करीब साढ़े सात बजे मेरीलैंड्स स्थित एक घर पर सर्च वारंट के साथ छापा मारा गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और प्रतिबंधित ड्रग्स भी बरामद किए. मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
यह भी पढ़ें: पिंजरे में बंद लड़कियां, 700 मर्दों ने किया रेप... पाकिस्तानी ग्रूमिंग गैंग का जुल्म, सांसद ने सुनाई दास्तां
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ग्रैनविल पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां उस पर कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. इनमें 16 साल से कम उम्र की नाबालिग को यौन संबंध के लिए बहलाने-फुसलाने, नाबालिग को अश्लील सामग्री भेजने, नाबालिग से यौन संबंध बनाने की कोशिश करने और प्रतिबंधित ड्रग्स रखने जैसे आरोप शामिल हैं. सभी आरोप कम्युनिकेशन सर्विस के गलत इस्तेमाल से जुड़े बताए जा रहे हैं.
पुलिस ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी है. उसे बुधवार को ही बेल डिवीजन लोकल कोर्ट में पेश किया गया. फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है.