scorecardresearch
 

फुकेट में लैंडिंग के दौरान टूटा एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान का नोज व्हील, बड़ा खतरा टला

थाईलैंड के फुकेत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को हैदराबाद से आ रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की हार्ड लैंडिंग हुई. इस हादसे में विमान का नोज लैंडिंग गियर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते रनवे को कई घंटों के लिए बंद करना पड़ा. गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं.

Advertisement
X
एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान का नोज व्हील टूटा. (photo: Social Media)
एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान का नोज व्हील टूटा. (photo: Social Media)

हैदराबाद से थाईलैंड के फुकेट जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान का नोज व्हील बुधवार को फुकेत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान टूट गया. इस हार्ड लैंडिंग की वजह से विमान रनवे पर ही फंस गया, जिसके चलते हवाई अड्डा अधिकारियों को परिचालन निलंबित करना पड़ा. वहीं, सुरक्षा टीमों द्वारा रनवे की जांच पूरी होने के बाद रनवे से फिर से उड़ानें शुरू की गईं.

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, लैंडिंग की प्रक्रिया के दौरान विमान के नोज व्हील (अगला पहिया) में तकनीकी खराबी आ गई. इसके परिणामस्वरूप विमान ने रनवे पर बहुत जोर से टक्कर मारी, जिससे उसका लैंडिंग गियर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इस अचानक हुए हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया और विमान को वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू की. विमान के फंसने से फुकेत आने-जाने वाली अन्य उड़ानों पर भी असर पड़ा.

विमान में सवार थे 133 यात्री

एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं. विमान में सवार सभी 133 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. घटना के तुरंत बाद आपातकालीन प्रोटोकॉल के तहत यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. फिलहाल इस तकनीकी खराबी या हादसे के सटीक कारणों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है.

Advertisement

विमानन अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या ये हार्ड लैंडिंग मानवीय चूक थी या विमान के लैंडिंग गियर में पहले से ही कोई यांत्रिक समस्या मौजूद थी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement