अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है. पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक की थी. पाकिस्तानी हमले के जवाब में अफगानिस्तान ने बलूचिस्तान में आईएसआईएस के ठिकानों पर ड्रोन स्ट्राइक की थी. अब दोनों देशों के बीच जुबानी तीर भी तल्ख हो चले हैं. अफगानिस्तान के रक्षा मंत्री नुरुल्लाह नूरी ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ पर हमला बोला है.
नूरी ने ख्वाजा आसिफ को मानसिक रूप से बीमार बताया है. अफगानिस्तान के अरियाना न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक रक्षा मंत्री नूरी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपने पाकिस्तानी समकक्ष को मानसिक रूप से बीमार बताया और नसीहत दी कि उनको इतिहास का अध्ययन कर लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और भारत के खिलाफ आपका (पाकिस्तान का) इतिहास सबके सामने है.
यह भी पढ़ें: भारत से तनाव के बीच PAK की नई चाल? US से डिफेंस और काउंटर-टेररिज्म पर मांगा सहयोग
अफगानी रक्षा मंत्री ने कहा कि रूस, अमेरिका और ब्रिटेन के खिलाफ हमारा इतिहास भी सबके सामने है. उन्होंने कहा कि इतिहास का अध्ययन करिए और फिर आप खुद फैसला लीजिए. नूरी का यह बयान पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने अफगानिस्तान पर हमले की धमकी दी थी. गौरतलब है कि पाकिस्तान अपने देश में होने वाली आतंकी घटनाओं के लिए अफगानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है.
यह भी पढ़ें: PAK के डिप्टी पीएम इशाक डार के इस्तीफे की मांग, लाहौर गैंगरेप केस में आया है पोते का नाम
अफगानिस्तान सभी आरोपों से इनकार करता रहा है. दोनों देशों के बीच महीनेभर पहले भी युद्ध जैसे हालात बन गए थे. सीमा पर भी तनाव बढ़ गया था. तनाव कम करने के लिए चीन की मध्यस्थता में दोनों देशों के बीच बातचीत भी हुई. अब तक तीन दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन दोनों देश किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सके हैं.