पश्चिम बंगाल के हावड़ा में बुधवार तड़के चार बजे गोलाबारी थाने में एक शख्स की गोली मारकर जान ले ली गई. गोलाबारी के पिलखाना सेकंड बाय लेन स्थित रियल स्टेट की वेबसाइट से जुड़े शफीक खान को बदमाशों ने गोली मार दी.
शफीक को तुरंत हावड़ा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद हावड़ा के पिलखाना इलाके में तनाव है. वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी.
मृतक के परिजनों का कहना है, 'मेरे भाई को पीछे से गोली मारी गई, जब वह रमजान के महीने में नमाज अदा करने से पहले सेसरी के लिए घर से बाहर निकाला था. इस दौरान दो युवक उसके साथ बातचीत करते दिखे. इस दौरान एक शख्स उससे बात कर रहा था और दूसरे ने पीछे से गोली चला दी'.
इलाके में तनाव के बीच स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है. सीसीटीवी के आधार पर उनकी तलाश जारी है.
हावड़ा के पुलिस आयुक्त आकाश मेघ बारिया ने फोन पर बताया कि यह वारदात बुधवार तड़के हुई. दो गुटों के बीच हुई झड़प में शफीक को गोली लगी. आरोपियों की तलाश की जा रही है. उनकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.