जीनत अमान हिंदी सिनेमा की दिग्गज हसीनाओं में से एक हैं. उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में की हैं. वो अपने दौर की बोल्ड और ग्लैमरस एक्ट्रेसेस में गिती जाती थीं, जिसकी वजह से उन्हें 'सेक्स सिंबल' का टैग दिया गया. ये टैग सालों तक उनकी छवि के साथ जुड़ा रहा. अब अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जीनत अमान ने 'सेक्स सिंबल' के टैग पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने बताया कि पब्लिक इमेज उनकी निजी जिंदगी से काफी अलग थी.
क्या बोलीं जीनत अमान?
जीनत अमान ने कहा कि उन्होंने सिनेमा की दुनिया में अपने काम को खुशी-खुशी अपनाया, लेकिन कैमरे के पीछे वो बिल्कुल अलग थीं. वो स्वभाव से शांत, थोड़ी शर्मीली और कम बोलने वाली हैं. उन्हें अपने काम में मग्न रहने पर सबसे ज्यादा खुशी मिलती है.
74 साल की जीनत अमान ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपनी कुछ स्टाइलिश तस्वीरें शेयर करके कहा- लोगों की नजर में बने रहना एक बड़ी अजीब बात है. मेरी जिंदगी की जर्नी में जब मैं लोगों के सामने रही, तो मुझे 'सेक्स सिंबल' कहा गया. इस बिजनेस में ऐसी पहचान बनना आम बात थी. मैंने इसे सिनेमा की दुनिया का एक हिस्सा समझकर स्वीकार किया.
'मैंने अपने काम को पूरी लगन से किया, लेकिन कैमरे के पीछे की असली औरत इससे बिल्कुल अलग थी. स्वभाव से शांत रहने वाली, थोड़ी शर्मीली और अपने काम में खोए रहने पर सबसे ज्यादा खुश होने वाली. जिंदगी ने मुझे सिखाया है कि लोग हमें शायद ही कभी वैसा देखते हैं जैसे हम असल में होते हैं. वो हमें अपने अनुभवों, अपनी उम्मीदों और कभी-कभी अपनी कल्पना के हिसाब से देखते हैं. '
जीनत अमान ने आगे लिखा- किसी एक इंसान के लिए आप मिस्टीरियस हो सकते हैं और किसी दूसरे के लिए डरावने या रौबदार हो सकते हैं. फ्लाइट के दौरान आपके बगल में बैठे किसी अजनबी के लिए आप बात करने वाले साथी बन सकते हैं. मजेदार है ना?
'मैं इस बात को मानने लगी हूं कि हर किसी की सोच या राय को सही करने की कोशिश करने का कोई खास मतलब नहीं है. लोगों को अपनी सोच रखने का पूरा हक है, ठीक वैसे ही जैसे हमें अपनी सच्चाई जीने का अधिकार है. जरूरी नहीं कि ये दोनों बातें हमेशा एक जैसी ही हों. '
'मैं यह जानने के लिए उत्सुक हूं, क्या आपने कभी महसूस किया है कि किसी के मन में आपके बारे में बिल्कुल गलत धारणा थी? या फिर आपने खुद कभी किसी को गलत समझा? मुझे लगता है कि हम सबके पास ऐसी एक-दो कहानियां जरूर होंगी. '
स्टाइलिश लुक में छाईं जीनत अमान
जीनत अमान की बात करें तो वो ब्लैक टॉप और ट्राउजर में दिखाई दे रही हैं. इसके साथ उन्होंने ट्रेंच कोट, हाई बूट्स कैरी किए. चेयर पर बैठकर वो स्टाइलिश अंदाज में पोज देती नजर आईं.
जीनत अमान की बात करें तो उन्होंने अपने करियर में 'हरे राम हरे कृष्णा', 'यादों की बारात' और राज कपूर की 'सत्यम शिवम सुंदरम' जैसी फिल्मों में काम किया है.