पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पंडाल हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना में 19 लोगों की मौत की जानकारी दी है. बंगाल सीएम ने बताया कि 17 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी. हादसे में 25 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 24 की हालत खतरे से बाहर है, जबकि एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये का मुआवजा और सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है. घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी. इसके अलावा हर घायल को 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी.
मृतकों के परिवारों को मिलेंगे 25 लाख रुपये और नौकरी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्हें हरसंभव मदद दी जा रही है. उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों के 13 सदस्यों ने उनसे मुलाकात की और सरकार पर भरोसा जताया. बंगाल मुख्यमंत्री ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गई है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाएगी. हर घायल को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकार रातभर राहत और सहायता के काम में जुटी हुई है. केंद्रीय गृह मंत्री के तय कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि वह कलकत्ता हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को पत्र लिखकर घटना की जांच के लिए फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी बनाने का अनुरोध करेंगे. उन्होंने कहा कि इस समिति में STF और फॉरेंसिक टीमों को शामिल किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी.
चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में बनी भगदड़ जैसी स्थिति
दरअसल, पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित चोरबागान सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए. घटना शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच हुई. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई है. घटना के बाद पुलिस, दमकल विभाग और अन्य संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं. हादसे की असली वजह का अभी पता नहीं चला है और इसकी जांच की जा रही है.
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता पुलिस को पूजा समिति के सदस्यों और सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिम्मेदार लोगों से पूछताछ करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही घटनास्थल के CCTV फुटेज सुरक्षित रखने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने तक लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है. शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गा पूजा समितियों से प्रवेश और निकास द्वारों पर भीड़ प्रबंधन सुधारने को कहा है. उन्होंने साफ कहा कि थीम और सजावट से ज्यादा जरूरी लोगों की जिंदगी है. हादसे के बाद रविवार को पश्चिम बंगाल सरकार के निर्धारित कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए गए हैं.