scorecardresearch
 

बंगाल में मुख्यमंत्री से मंत्री तक कौन बनेगा? शुभेंदु,रूपा गांगुली, अग्निमित्रा समेत ये दावेदार

पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, जिसके लिए नए मुख्यमंत्री से लेकर नए मंत्रिमंडल और सरकार का फॉर्मूल तय होना है. सीएम की रेस में कई नाम चल रहे हैं, जिसमें शुभेंदु अधिकारी से लेकर रुपा गांगुली और अग्निमित्रा पॉल सहित आधा दर्जन नाम है.

Advertisement
X
बंगाल का सीएम होगा, फैसला अमित शाह करेंगे (Photo-BJP)
बंगाल का सीएम होगा, फैसला अमित शाह करेंगे (Photo-BJP)

पश्चिम बंगाल के सियासी इतिहास में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. ऐसे में सबके मन में एक ही सवाल है कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा, जिससे शुक्रवार शाम पर्दा उठ जाएगा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बंगाल के पर्यवेक्षक के तौर पर कोलकाता में बीजेपी विधायकों के साथ बातचीत कर नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे.

बीजेपी के कई नेताओं के नाम बंगाल मुख्यमंत्री की रेस में चल रहे हैं. ममता बनर्जी को दोबार मात देने वाले शुभेंदु अधिकारी का नाम भले सबसे आगे है, लेकिन रूपा गांगुली और अग्निमित्रा समेत बीजेपी के आधा दर्जन नेता सीएम के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं.  

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद से सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसका निर्णय करने के लिए शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच रहे हैं. शाह के दौरे का मुख्य एजेंडा विधायक दल की बैठक के जरिए मुख्यमंत्री के नाम पर फाइनल मुहर लगाना है और साथ ही बंगाल में मंत्रिमंडल कैसा हो, उसका भी खाका खींचेगे? 

बंगाल सीएम का अमित शाह आज करेंगे ऐलान
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बंगाल के पर्यवेक्षक के तौर पर शुक्रवार को कोलकाता में नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक करेंगे. शाह के साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी सह-पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे. बीजेपी के चुने गए सभी 207 विधायकों के साथ अमित शाह बातचीत करेंगे. 

Advertisement

अमित शाह की अध्यक्षता में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी. इसके बाद बीजेपी के किसी वरिष्ठ नेता के द्वारा विधायक दल के नेता का नाम प्रस्तावित कराया जाएगा, जिस पर सभी विधायक अपनी रजामंदी देंगे. बीजेपी विधायक दल के नेता का नाम फाइनल  होने के साथ अधिकारिक तौर पर सार्वजानिक कर दिया जाएगा, जो बाद में 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. 

मुख्यमंत्री पद की रेस में कौन-कौन नेता शामिल
पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी के कई नेताओं के नाम चल रहे हैं. इस फेहरिश्त में शुभेंदु अधिकारी का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है, जिन्होंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, वरिष्ठ नेता दिलीप घोष, विधायक अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली सहित आधा दर्जन नेताओं के नाम चल रहे हैं. 

हालांकि, अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान ही स्पष्ट कर दिया था कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कोई 'बंगाल का लाल' यानी कोई बंगाली ही होगा. अमित शाह ने कहा था कि मैं बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि अगला मुख्यमंत्री कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जो बंगाल में पैदा हुआ और पढ़ा-लिखा हो, और बंगाली अच्छी तरह बोलता हो. इस तरह से अमित शाह ने बीजेपी के सीएम बनाने की क्राइटेरिया बता दी थी. 

Advertisement

अब बीजेपी जब सत्ता में आई है तो उस लिहाज से बंगाल के नए मुख्यमंत्री का चयन होगा, जिसे अमलीजामा पहनाने के लिए खुद पर्यवेक्षक के तौर पर कोलकाता में मौजूद रहेंगे, जहां विधायकों से बातचीत करके नए सीएम के नाम का ऐलान करेंगे? अब देखना है कि बंगाल में बीजेपी के किस नेता की किस्मत बुलंद होती है? 

बंगाल में मंत्रिमंडल गठन का फॉर्मूला कैसा होगा?
पश्चिम बंगाल में सिर्फ सीएम का चयन नहीं करना बल्कि मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले चेहरों का भी चुनाव करना है. इसके अलावा विधानसभा के स्पीकर भी फैसला किया जाना है? बीजेपी में मंथन चल रहा है कि नई कैबिनेट को इस तरह से तैयार किया जाएगा ताकि वैचारिक प्रतिबद्धता और जमीनी स्तर पर लोगों को जोड़े रखा जा सके. इसके साथ ही क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व पर भी ध्यान केंद्रित रहे.

बीजेपी और संघ के बीच हाल ही में हुई समन्वय बैठकों में आरएसएस ने वैचारिक एकता को प्राथमिकता देने पर ज़ोर दिया था. पार्टी उन नेताओं उम्मीदवारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है जिनका संघ के साथ काम करने का लंबा इतिहास रहा है. इसके अलावा पार्टी ज़्यादा से ज़्यादा अनुभवी नेताओं को कैबिनेट में शामिल करने की है. इस तरह से बीजेपी की बंगाल में गठन होने वाली कैबिनेट में पार्टी के पुराने नेताओं और राजनीति में नए आए चेहरों का संतुलन बनाने की है. 

Advertisement

बंगाल में कौन-कौन बीजेपी नेता बन रहे मंत्री?
पश्चिम बंगाल में बनने जा रही सरकार की कैबिनेट में जगह पाने के लिए बीजेपी के कई दिग्गज नेता लगे हुए हुए हैं. सीएम के लिए संभावित नाम में से किसी एक नाम पर ही फाइनल मुहर लगेगी, उसके अलावा बाकी के चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है. इस फेहरिश्त में दिलीप घोष और पार्टी की महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष अग्निमित्रा पॉल जैसे अनुभवी नेताओं के नामों पर प्रमुख मंत्रालयों के लिए विचार किया जा सकता है.  

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक, बैरकपुर के विधायक अर्जुन सिंह, मुर्शिदाबाद से दो बार विधायक रह चुके गौरी शंकर घोष, वीएचपी की बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष श्रुति शेखर गोस्वामी, पूर्व सांसद रूपा गांगुली, वकील कौस्तव बागची, दीपक बर्मन, सजल घोष, इंद्रनील खान और जोएल मुर्मू कैबिनेट में जगह पा सकते हैं. 
 
बीजेपी से पहली बार विधायक बने लोगों में आरजी कर मामले की पीड़ित की मां रत्ना देबनाथ,भारत सेवाश्रम संघ के भिक्षु उत्पल महाराज (जिन्हें राजनीति में आने के कारण संघ से निकाल दिया गया था), पूर्व IPS अधिकारी राजेश कुमार और पूर्व एनएसजी कमांडो दीपंजन चक्रवर्ती शामिल हैं.  इसके अलावा मानिकतला के विधायक तापस राय के नाम पर स्पीकर पद के लिए विचार किया जा रहा है, जबकि किसी महिला विधायक को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement