scorecardresearch
 

यूपी में मंत्री के कार्यक्रम में बत्ती गुल, विधायक से बोले संजय निषाद- 'रातभर लाइट नहीं थी, जनरेटर चलाना पड़ा'

उत्तर प्रदेश में 24 घंटे बिजली सप्लाई के सरकारी दावों के बीच खुद कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद विद्युत कटौती से परेशान हो गए हैं. जौनपुर में उनके कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल होने का मामला अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
जौनपुर में मंत्री संजय निषाद को झेलनी पड़ी बिजली की समस्या (Photo- ITG)
जौनपुर में मंत्री संजय निषाद को झेलनी पड़ी बिजली की समस्या (Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद को गुरुवार की देर रात जौनपुर के पीडब्ल्यूडी डाक बंगले और उससे पहले बलिया में बिजली कटौती का सामना करना पड़ा. बलिया से एक कार्यक्रम निपटाकर वह देर रात जौनपुर आए थे, जहां रात भर बिजली गायब रहने के कारण जनरेटर चलाना पड़ा. 

शुक्रवार की सुबह जब स्थानीय मंत्री और विधायक डाक बंगले पर उनका स्वागत करने पहुंचे, तब संजय निषाद ने विद्युत व्यवस्था की बदहाली पर तंज कसते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की. प्रदेश में निर्बाध बिजली के सरकारी दावों के बीच खुद सरकार के मंत्री का बिजली संकट से जूझना चर्चा का विषय बन गया है.

जब स्वागत के दौरान मंत्री ने कसा तंज

जौनपुर के डाक बंगले पर शुक्रवार सुबह खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, शाहगंज विधायक रमेश सिंह और बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा कैबिनेट मंत्री संजय निषाद का स्वागत करने पहुंचे. इसी दौरान तंज कसते हुए संजय निषाद ने कहा, "रात भर लाइट नहीं थी, जनरेटर से चला है... क्या कर रहे हो आप लोग." मंत्री के इस बयान ने राज्य की बिजली व्यवस्था की हकीकत बयां कर दी है.

Advertisement

बलिया में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ संबोधन

जौनपुर से पहले बलिया में भी मंत्री संजय निषाद के कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई थी. बिजली जाने के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच कटौती को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई. इसके बाद मजबूरन मोबाइल फोन की टॉर्च जलानी पड़ी और डॉ. संजय निषाद ने मोबाइल टॉर्च की रोशनी में ही कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement