Uttar Pradesh News: मथुरा की जैत थाना पुलिस ने गुजरात के एक परिवार से हुई 2 करोड़ 90 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 करोड़ रुपये कैश और 60 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी बरामद की है.
आश्रम के नाम पर ठगी और चोरी
मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में पुलिस ने चार महीने पुरानी एक बड़ी चोरी की वारदात का सफल खुलासा किया है. गुजरात के गांधीनगर निवासी राकेश प्रजापति अपने बेटे मानव प्रजापति के साथ वृंदावन में रहने आए थे. उन्होंने अपनी संपत्ति बेचकर मिली रकम को एक फ्लैट में रखा था. वहां उनकी मुलाकात गेस्ट हाउस संचालक आलोक और राजन से हुई. आरोपियों ने उन्हें आश्रम बनवाने का झांसा दिया और मौका पाकर उनके फ्लैट से 2 करोड़ 90 लाख रुपये पार कर दिए. पुलिस ने इस मामले में गहन छानबीन के बाद चार शातिर चोरों को दबोच लिया.
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
मथुरा के एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जैत पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए बदमाशों के नाम राजन, आलोक, प्रेम सागर और हीरेन हैं, जिनमें से प्रेम सागर और हीरेन गुजरात के ही रहने वाले हैं.
पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम नकदी बरामद की है. इसके साथ ही 60 लाख रुपये से अधिक की सोने की ज्वेलरी, मोबाइल फोन और घड़ी भी बरामद कर ली गई है.