राजधानी लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला अब सिर्फ एक मर्डर केस नहीं रह गया है. यह हाई-प्रोफाइल केस रसूख, ब्लैकमेलिंग और एक बड़े सिंडिकेट का खतरनाक कॉकटेल साबित हो रहा है. मामले में हजरतगंज पुलिस ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है. सोमवार को पुलिस टीमों ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, ड्राइवर आमिर और दानिश के ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी. पुलिस की रडार पर अब वो मददगार भी हैं जिन्होंने वारदात के बाद आरोपियों को पनाह दी या भागने में मदद की. पुलिस को अंदेशा है कि घटना के बाद मेडिकल कॉलेज से निकलते ही आरोपियों ने आपस में संपर्क साधा और एक सोची-समझी साजिश के तहत शहर से फरार हो गए.
इसी बीच कारोबारी शिवा शर्मा का श्रद्धा के फ्लैट से नीचे गिरने का सनसनीखेज CCTV फुटेज भी सामने आ गया है. बगल के अपार्टमेंट में लगे कैमरे में कैद वीडियो में साफ दिख रहा है कि जब शिवा ऊपर से नीचे जमीन पर गिरते हैं, तभी रास्ते से झोला लिए गुजर रहा एक राहगीर स्तब्ध होकर रुक जाता है. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़ते हैं. इसके कुछ ही देर बाद लहूलुहान कारोबारी को आनन-फानन में कार से अस्पताल ले जाया जाता है.
जांच में मुख्य आरोपी श्रद्धा के बैकग्राउंड को लेकर भी चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. श्रद्धा को शुरुआत से ही ग्लैमर वर्ल्ड का शौक था. पति ने हैदराबाद से एक्टिंग का कोर्स करवाया, जिसके बाद वह लखनऊ आकर मॉडलिंग करने लगी. यहां रसूखदार और हाई-प्रोफाइल लोगों से संपर्क बढ़ते ही उसने पति को छोड़ दिया और यहीं बस गई.
श्रद्धा का नेटवर्क इस कदर मजबूत था कि शिवा उससे छिपकर भी कहीं जाता, तो वह अपने रसूख के दम पर उसकी लोकेशन ट्रैक करवा लेती थी. वहां पहुंचकर न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट करती, बल्कि जेवरात चोरी जैसे झूठे आरोप लगाकर दबाव बनाती थी.
श्रद्धा का विवादों से पुराना नाता रहा है. उसने इससे पहले हजरतगंज कोतवाली में ही कारोबारी के खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया था. पुलिस अब श्रद्धा के पुराने मुकदमों, उसके बैंक खातों के लेनदेन और संदिग्ध संपर्कों की कड़ियां जोड़कर पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने में जुट गई है.
मालूम हो कि लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 28 वर्षीय करोड़पति कारोबारी शिव शर्मा की 9 अक्टूबर को चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक की मां रंजना शर्मा ने गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे पर बेटे को धक्का देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. मां का दावा है कि श्रद्धा पिछले चार महीने से लिव-इन में रहकर शिवा को ब्लैकमेल करती थी, नेताओं व अधिकारियों से संबंध का हवाला देकर डराती थी और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी. पुलिस ने मां की शिकायत पर श्रद्धा, उसकी बहन और ड्राइवर समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. फ्लैट से कई आपत्तिजनक चीजें और चैट्स भी बरामद हुई हैं, और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.