शामली के करोड़पति दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष मलिक के धर्मांतरण मामले में एक नया मोड़ आया है. आयुष मलिक ने मुस्लिम युवती से प्रेम प्रसंग के बाद उससे शादी करने के लिए इस्लाम धर्म अपनाकर मोहम्मद अली बन गया था. अब उसने फिर से सनातन धर्म में वापसी कर ली है. आजतक के हाथ आयुष का एक वीडियो लगा है, जिसमें वह दाढ़ी–बाल मुंडवाकर पूजा करते हुए नजर आ रहा है.
वीडियो में आयुष अपने घर के मंदिर में भगवान शिव और हनुमान जी की मूर्तियों के सामने दीया-बाती करते, घंटी बजाते और पूजा करते नजर आ रहा है. पूजा करने के बाद आयुष घर के बड़े बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए भी विडियो में दिखाई दे रहा है. आयुष वीडियो में यह भी कहता है, 'मैं इस्लाम धर्म में चला गया था. मैंने धर्म बदल लिया था. लेकिन मैंने परिवार की परेशानी को देखते हुए अपने मूल धर्म, हिंदू धर्म में वापसी का फैसला किया है. मैं अपने मां और पापा के प्यार की छांव में रहना चाहता हूं. आप दोनों मुझे माफ करना.'
आयुष के पिता देवराज मलिक ने भी कहा कि उनके बेटे ने फिर से सनातन धर्म में वापसी कर ली है. देवराज ने अपने बेटे के धर्मपरिवर्तन को लेकर आरोप लगाया था कि चांदनी कुरैशी नाम की लड़की और उसके पिता इस्लाम कुरैशी ने साजिश के तहत आयुष मलिक का ब्रेन वॉश किया था. करोड़ों रुपए की जायदाद हड़पने के मकसद से आयुष को मोहम्मद अली बनाया और परिवार से दूर करने की कोशिश की.
उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले में फिजियोथेरेपिस्ट चांदनी कुरैशी और उसके पिता इस्लाम कुरैशी को गिरफ्तार किया था. देवराज मलिक की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए दोनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है. आयुष अपने पिता के दवा के कारोबार में उनकी मदद करता था और उनका मेडिकल स्टोर संभालता रहा था. देवराज मलिक की तहरीर के मुताबिक चांदनी कुरैशी से संपर्क में आने के बाद आयुष बदल गया.
उन्होंने आरोप लगाया कि चांदनी ने आयुष को प्रेम जाल फंसाकर धीरे-धीरे धर्म परिवर्तन के लिए तैयार किया. आयुष 2018 में पैर की चोट का इलाज कराने अस्पताल गया था, यहीं उसकी मुलाकात चांदनी से हुई. इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग हो गया. देवराज के मुताबिक, साल 2023 में आयुष को दिल्ली ले जाया गया. वहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया. इसके बाद उसका नाम मोहम्मद अली रख दिया गया. धर्म परिवर्तन के बाद आयुष ने दाढ़ी बढ़ाने, पांच बार नमाज पढ़ने और कपड़े बदलने जैसे इस्लामी रीति-रिवाज अपनाए. फिलहाल आयुष मलिक की घर वापसी के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.