उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के भोट थाना क्षेत्र के गांव खूंटा खेड़ा स्थित सेंट फ्रांसीसी स्कूल के प्रिंसिपल जोसेफ पर 8 से 10 साल के बच्चों के साथ बदसलूकी करने के आरोप लगे हैं. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है. समाज में बच्चों को बेहतर दिशा देने के लिए स्कूल-कॉलेज की व्यवस्था बनाई गई है. माता-पिता अपने बच्चों के भविष्य को लेकर बड़े सपने देखते हैं और स्कूल को शिक्षा का मंदिर माना जाता है. लेकिन जब इसी जगह पर गलत व्यवहार के आरोप सामने आएं तो यह चिंता का विषय बन जाता है.
ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के जनपद रामपुर से सामने आया है. भोट थाना क्षेत्र के गांव खूंटा खेड़ा में स्थित सेंट फ्रांसीसी स्कूल के प्रिंसिपल जोसेफ पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. परिजनों का कहना है कि प्रिंसिपल द्वारा 8 से 10 साल के बच्चों के साथ बदसलूकी की जाती थी.
स्कूल में बच्चियों से छेड़छाड़
आरोप सामने आने के बाद स्कूल में माहौल तनावपूर्ण हो गया. बच्चों के परिजन और कुछ अन्य लोग स्कूल परिसर में इकट्ठा हो गए और प्रिंसिपल के खिलाफ नाराजगी जताई. इसी दौरान भीड़ में से कुछ लोग उत्तेजित हो गए और उन्होंने प्रिंसिपल जोसेफ के गाल और सिर पर थप्पड़ मार दिए. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुलिस ने दर्ज किया केस
परिजनों की ओर से भोट थाने में इस मामले की तहरीर दे दी गई है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंसिपल को हिरासत में ले लिया है. इस विषय पर अपर पुलिस अधीक्षक रामपुर अनुराग सिंह ने बताया कि थाना भोट स्थित एक विद्यालय से कुछ लोग आए थे और वहां के प्रधानाध्यापक पर बच्चों के साथ आपत्तिजनक कृत्य करने का आरोप लगाया गया. उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया है और प्रधानाचार्य को अभिरक्षा में लिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.