BJP नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने राम मंदिर चढ़ावा घोटाले को लेकर विपक्ष पर हमला बोला है. एक एजेंसी के मुताबिक उन्होंने राम मंदिर में दान के कथित दुरुपयोग पर विपक्षी दलों की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि "धर्म-विरोधी लोगों" को धार्मिक मामलों में दखल नहीं देना चाहिए.
दरअसल रामपुर के दो दिन के दौरे पर आए नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और मंदिर प्रशासन इस मामले को संवेदनशीलता से देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक पूर्वाग्रह से प्रेरित हैं और राजनीतिक फायदे के लिए गलत जानकारी फैला रहे हैं.
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक मकसद से दुष्प्रचार और पूर्वाग्रह फैला रहे हैं. उन्हें ऐसा करने से बचना चाहिए. इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी प्रमुख की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए नकवी ने कहा कि यह एक धार्मिक मामला है. ऐसे धर्म-विरोधी लोग इसमें क्यों घुसने की कोशिश कर रहे हैं?
सपा अध्यक्ष के आरोपों के बाद शुरू हुई थी जांच
इसे धार्मिक मामला ही रहने दें. धर्म-विरोधी लोगों को दखल देने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. आपको बता दें कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा कुछ रिपोर्टों का हवाला देते हुए आरोप लगाने के बाद राम मंदिर दान की रकम की चोरी की जांच शुरू की गई थी.
वहीं मामले में मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि आंतरिक ऑडिट चल रहा है और अब तक आरोपों का समर्थन करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है. माना जा रहा है कि एसआईटी आज अपनी जांच रिपोर्ट सरकार को सौंप सकती है. एसआईटी की तरफ से करीब 150 पन्नों की रिपोर्ट तैयार की गई है.