scorecardresearch
 

‘पहले नोएडा आने से डरते थे नेता’, पीएम मोदी का विपक्ष पर हमला, जेवर एयरपोर्ट से दिया बड़ा संदेश

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के नेता नोएडा आने से भी डरते थे. उन्होंने कहा कि जो प्रोजेक्ट सालों तक फाइलों में अटका रहा, उसे डबल इंजन सरकार ने पूरा किया. प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया के संकट का जिक्र करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार आम लोगों और किसानों पर बोझ नहीं पड़ने देगी.

Advertisement
X
नोएडा से पीएम मोदी का बड़ा संदेश - पुराने दौर पर तंज, नए भारत की उड़ान का ऐलान (Photo: ITG)
नोएडा से पीएम मोदी का बड़ा संदेश - पुराने दौर पर तंज, नए भारत की उड़ान का ऐलान (Photo: ITG)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शनिवार को उद्धाटन किया. जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश अब उन राज्यों में शामिल हो गया है जहां कई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट के शिलान्यास और उद्घाटन दोनों का अवसर उन्हें मिला, लेकिन उन्होंने उद्घाटन का श्रेय जनता को दिया. साथ ही प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा है.

उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश ने उन्हें सांसद बनाया, उसी प्रदेश की पहचान अब इस भव्य एयरपोर्ट से जुड़ गई है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, इटावा, बुलंदशहर और फरीदाबाद सहित पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को बड़ा लाभ पहुंचाएगा.

वैश्विक संकट और भारत की तैयारी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम भारत के नए मिजाज का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के कारण पूरी दुनिया चिंतित है और कई देशों में खाने-पीने की चीजों, पेट्रोल, डीजल और गैस का संकट पैदा हो गया है.

उन्होंने कहा कि भारत भी बड़ी मात्रा में कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है जिससे आम परिवारों और किसानों पर इस संकट का बोझ न पड़े. उन्होंने भरोसा जताया कि देशवासी मिलकर इस चुनौती का सामना कर रहे हैं.

Advertisement

पुराने समय बनाम आज का बदलाव

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने नोएडा को “लूट का एटीएम” बना दिया था, लेकिन आज वही क्षेत्र उत्तर प्रदेश के विकास का इंजन बन चुका है.

उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट को 2003 में मंजूरी मिल गई थी, लेकिन सालों तक यह फाइलों में दबा रहा. 2014 के बाद और उत्तर प्रदेश में सरकार बदलने के बाद ही इस प्रोजेक्ट को गति मिली और अब यह बनकर तैयार हुआ है.

यह भी पढ़ें: PM Modi inaugurates Noida Jewar airport: 'हर दो मिनट में एक जहाज उड़ेगा...', नोएडा एयरपोर्ट का उद्धाटन कर बोले प्रधानमंत्री मोदी

विपक्ष पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि जेवर एयरपोर्ट “डबल इंजन सरकार” की कार्यसंस्कृति का एक बड़ा उदाहरण है.

उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने साल 2003 में ही मंजूरी दे दी थी। लेकिन उसके बाद कई वर्षों तक यह परियोजना सिर्फ फाइलों में ही दबकर रह गई.

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार और उत्तर प्रदेश की उस समय की सरकारों ने इस एयरपोर्ट की नींव तक नहीं पड़ने दी. 2014 तक यह प्रोजेक्ट सिर्फ कागजों में ही चलता रहा.

उन्होंने कहा कि जब केंद्र में उनकी सरकार बनी, तब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी. शुरुआती सालों में वहां भी इस प्रोजेक्ट पर काम आगे नहीं बढ़ पाया.

Advertisement

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जैसे ही केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार बनी, तब इस परियोजना को गति मिली. उन्होंने कहा कि इसके बाद जेवर एयरपोर्ट की नींव रखी गई, निर्माण हुआ और अब इसका उद्घाटन भी हो गया है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले के सत्ताधारी नोएडा आने से भी डरते थे। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब उन्होंने यहां आने का कार्यक्रम बनाया था, तब उस समय के मुख्यमंत्री खुद नहीं आए और उन्हें भी आने से रोकने की कोशिश की गई.

उन्होंने कहा कि आज वही नोएडा पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है और उत्तर प्रदेश के विकास का एक मजबूत इंजन बन चुका है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement