scorecardresearch
 

इकलौते बेटे को वाटर पार्क ले गए मां बाप, अचानक हुआ लापता, फिर पानी में मिली लाश

आगरा में परिवार के साथ छुट्टी मनाने गया एक मासूम कभी वापस घर नहीं लौट सका. वाटर पार्क में खेलते-खेलते अचानक लापता हुए 8 वर्षीय बच्चे की तलाश के दौरान जो सच सामने आया, उसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया. खुशियों से शुरू हुआ दिन कुछ ही देर में मातम में बदल गया और परिवार की चीख-पुकार ने माहौल गमगीन कर दिया.

Advertisement
X
खोजते रहे मां-बाप, वाटर पार्क के पानी में मिली इकलौते बेटे की लाश (Photo: itg)
खोजते रहे मां-बाप, वाटर पार्क के पानी में मिली इकलौते बेटे की लाश (Photo: itg)

उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार की एक खुशियों भरी शाम कुछ ही पलों में मातम में बदल गई. परिवार अपने 8 साल के मासूम बेटे मनीत को लेकर वाटर पार्क घूमने गया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह सफर बच्चे की आखिरी यात्रा बन जाएगा. वाटर पार्क के पानी में डूबने से मासूम मनीत की दर्दनाक मौत हो गई. बेटे का शव देखते ही मां-बाप बेसुध हो गए और पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है.
 
घटना आगरा के तेवतिया वाटर पार्क की है. खेरिया मोड़ निवासी रॉबिन अपनी पत्नी और इकलौते 8 साल के बेटे मनीत के साथ छुट्टी मनाने पहुंचे थे. परिवार खुशी-खुशी वाटर पार्क में समय बिता रहा था, तभी अचानक मनीत लापता हो गया.

पहले तो परिजनों को लगा कि बच्चा आसपास खेल रहा होगा, लेकिन जब काफी देर तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिवार की बेचैनी बढ़ गई. मां रोते-बिलखते हर कोने में बेटे को तलाशती रही, जबकि पिता रॉबिन वाटर पार्क के कर्मचारियों से सीसीटीवी चेक कराने की गुहार लगाते रहे.

करीब एक घंटे तक चले इस दर्दनाक इंतजार के बाद जो तस्वीर सामने आई, उसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. मासूम मनीत का शव स्विमिंग पूल के पानी में तैरता मिला. बेटे को इस हालत में देखते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

जिस मां ने कुछ देर पहले बेटे का हाथ पकड़कर उसे पार्क में छोड़ा था, वही मां अब उसके निर्जीव शरीर से लिपटकर रोती रही. मौके पर मौजूद लोगों की भी आंखें भर आईं. सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Advertisement